BREAKING:
August 19 2026 01:51 am

Gorakhpur Janta Darshan: गंभीर बीमारियों के इलाज में भरपूर मदद करेगी यूपी सरकार, सीएम योगी ने फरियादियों को दिया भरोसा

Post

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में आयोजित 'जनता दर्शन' में आए लगभग 200 फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने आए पीड़ितों को भरोसा दिलाते हुए सीएम योगी ने कहा कि धन के अभाव में किसी का भी इलाज नहीं रुकेगा और सरकार इसके लिए पूरी वित्तीय सहायता प्रदान करेगी।

अधिकारियों को सख्त हिदायत: लापरवाही बर्दाश्त नहीं, तुरंत जारी करें इस्टीमेट

मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि इलाज के लिए आने वाले जरूरतमंदों के मेडिकल एस्टीमेट की कागजी प्रक्रिया को बिना किसी देरी के पूरा कर शासन को भेजा जाए, ताकि तुरंत धन आवंटित किया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने सभी पात्र नागरिकों के 'आयुष्मान कार्ड' प्राथमिकता के आधार पर बनाने के निर्देश दिए।

जनसमस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण अनिवार्य

राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान देने की बात कहते हुए सीएम योगी ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान पूरी पारदर्शिता, तत्परता और संवेदनशीलता के साथ होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि आम जनता की सुनवाई और समस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।