Viral Video: "हां, कर दो मुझे वायरल!" दिल्ली मेट्रो में महिला सीट पर बैठने को लेकर हाई-वोल्टेज ड्रामा; सोशल मीडिया पर बंटे लोग
दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बन गई है। आए दिन मेट्रो कोच से आने वाले रील्स और झगड़ों के वीडियोज की फेहरिस्त में एक नया वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस बार मामला लेडीज सीट (Reserved Seats for Women) पर एक पुरुष यात्री के बैठने और उसके बाद कोच में मौजूद अन्य यात्रियों के साथ हुई तीखी नोकझोंक से जुड़ा है। खचाखच भरे मेट्रो कोच में हुए इस ड्रामे पर अब इंटरनेट यूजर्स भी दो धड़ों में बंट गए हैं।
क्या है पूरा मामला? महिला सीट छोड़ने से किया इनकार
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति मेट्रो के भीड़-भाड़ वाले सामान्य कोच में महिलाओं के लिए आरक्षित सीट पर बैठा हुआ है। तभी कुछ महिला यात्री वहां पहुंचती हैं और उसे सीट से उठने के लिए कहती हैं।
पुरुष यात्री द्वारा सीट खाली करने से मना करने पर मामला शांत होने के बजाय और बिगड़ गया। कोच में खड़े अन्य यात्रियों ने भी महिलाओं का पक्ष लेते हुए उस व्यक्ति का विरोध करना और हूटिंग (Hooting) करना शुरू कर दिया। काफी देर तक चले इस हंगामे के बाद जब उस व्यक्ति का गंतव्य स्टेशन आया, तब वह यह कहते हुए सीट से उठा कि उसका स्टेशन आ चुका है।
Man is shamed by woman for not leaving his seat inside Delhi metro: pic.twitter.com/M0DBzlAvkt
— Ghar Ke Kalesh (@gharkekalesh) July 17, 2026
"भैया आप वायरल हो जाओगे" — सोशल मीडिया पर बहस
वीडियो में रिकॉर्ड हुई बहस के दौरान जब वीडियो बना रही महिला यात्री ने उस व्यक्ति से कहा, "भैया अब तो शांत हो जाओ, आप उम्र में बड़े होकर थोड़ी सी तमीज दिखाओ।" इस पर उस व्यक्ति ने पलटवार करते हुए पूछा, "इनसे बड़ा हूं मैं?" तभी सीट पर बैठने वाली महिला ने तंज कसते हुए कहा, "हां, वह तो दिख रहा है कि कौन बड़ा है और कौन छोटा है।"
विवाद तब और बढ़ गया जब वीडियो रिकॉर्ड कर रही महिला ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, "भैया आप तो वायरल हो जाएंगे, पूरे कोच में हल्ला मचा दिया है आपने।" इस पर उस व्यक्ति ने बेहद बेबाक अंदाज में कैमरे के सामने चुनौती देते हुए कहा, "हां, कर दो मुझे वायरल, मुझे वायरल कर दो!"
इंटरनेट पर छिड़ी जंग: 'जेंडर इक्वालिटी' और 'महिला कोच' पर उठे सवाल
इस वीडियो के सोशल मीडिया पर आने के बाद यूजर्स ने इस पर मजेदार और तीखी प्रतिक्रियाएं दी हैं। जहां कुछ लोगों ने सार्वजनिक शिष्टाचार की वकालत की, वहीं कई यूजर्स पुरुष यात्री के समर्थन में भी उतर आए:
पुरुषों के समर्थन में कमेंट्स: एक महिला यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, "आखिर इस तरीके से बात क्यों हो रही है? अगर यहीं पर जेंडर रोल को पलट दिया जाए (यानी महिला पुरुष की सीट पर हो) तब क्या ऐसा ही हंगामा होता?" वहीं एक अन्य यूजर ने तंज कसा, "आखिर एक व्यक्ति को मेट्रो में शांति से सीट क्यों नहीं मिल सकती।"
महिलाओं के लिए अलग कोच का तर्क: एक यूजर ने महिलाओं को नसीहत देते हुए लिखा, "अगर इतनी ही दिक्कत है तो लेडीज कोच में जाओ आंटी।"
समानता पर बहस: एक अन्य नेटिज़न ने लिखा, “दिल्ली मेट्रो में जेंडर इक्वालिटी (लैंगिक समानता) का अभाव दिखता है। सार्वजनिक जगहों पर आपसी सम्मान होना चाहिए और बिना पूरी कहानी जाने किसी को इस तरह जज नहीं किया जाना चाहिए।”