BREAKING:
July 23 2026 06:47 pm

Kanwar Yatra 2026: कांवड़ यात्रा मार्गों पर साफ-सफाई की होगी 'लाइव मॉनिटरिंग', सिंगल यूज प्लास्टिक पर बैन, बिजली सुरक्षा के कड़े निर्देश

Post

लखनऊ । उत्तर प्रदेश में 30 जुलाई से शुरू होने जा रही कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर योगी सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव पी. गुरुप्रसाद ने समीक्षा बैठक के दौरान निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों पर स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए कमांड सेंटर (DCCC) के माध्यम से 'लाइव मॉनिटरिंग' की जाएगी। इसके अलावा, पूरे यात्रा मार्ग पर प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग और थर्मोकोल कप-प्लेट के इस्तेमाल पर सख्त कार्रवाई होगी।

'जीरो प्लास्टिक और जीरो वेस्ट इवेंट' के रूप में मनेगा त्योहार

सरकार ने आगामी त्योहारों को 'जीरो प्लास्टिक' और 'जीरो वेस्ट' इवेंट के रूप में आयोजित करने का निर्णय लिया है। कांवड़ शिविरों और शिवालयों के आसपास नियमित ब्लीचिंग पाउडर, मैलाथियान डस्ट और चूने का छिड़काव किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग अस्थायी शौचालय बनाए जाएंगे, जिनकी दिन में कम से कम दो बार सैनिटाइजेशन होगी।

24 घंटे निर्बाध बिजली और सुरक्षा पर पावर कॉरपोरेशन सख्त

ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. आशीष गोयल ने कांवड़ यात्रा मार्ग में निर्बाध बिजली आपूर्ति और सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के आदेश दिए हैं। सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों पर जर्जर तारों की मरम्मत जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। बरसात के दौरान बिजली दुर्घटनाओं से बचाव के लिए तकनीकी कर्मचारियों को बिना सुरक्षा उपकरणों के काम न करने की हिदायत दी गई है।