Crackdown on illegal mining in Kosi River : दबिश के दौरान हाइड्रा मशीन दलदल में फंसी, माफियाओं में हड़कंप
- by Priyanka Tiwari
- 2025-12-09 16:24:00
India News Live,Digital Desk : कोसी नदी किनारे चल रहा अवैध खनन एक बार फिर बेनकाब हो गया, जब छापेमारी के दौरान खनन माफिया अपने वाहन छोड़कर वहां से फरार हो गए। अफरातफरी में एक बड़ी हाइड्रा मशीन नदी की दलदली मिट्टी में फंस गई, जिससे चालक को मशीन से कूदकर खुद की जान बचानी पड़ी।
रविवार देर रात एसडीएम अमन देओल को सूचना मिली थी कि धनपुर शहदरा–समोदिया इलाके में नदी के किनारे से रेत निकालकर समोदिया अड्डे पर पटान किया जा रहा है। जानकारी मिलने पर नायब तहसीलदार सचिन कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों की दबिश की भनक मिलते ही अधिकांश ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन लेकर भाग निकले, लेकिन खनन में लगी हाइड्रा मशीन को निकालने के प्रयास में चालक नियंत्रण खो बैठा और मशीन दलदल में धंस गई। मशीन को निकालने की कोशिश पूरे दिन चलती रही, लेकिन शाम तक वह नदी में ही फंसी रही।
इस घटना के बाद से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। राजस्व टीम ने क्षेत्र में गहन जांच शुरू कर दी है। सोमवार सुबह से ही अधिकारी नदी किनारे डटे हुए हैं और पूरे इलाके की पड़ताल कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि लंबे समय से यहां अवैध खनन का खेल चल रहा है, जिससे नदी का प्राकृतिक स्वरूप बिगड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि सूचना देने पर अधिकारी शिकायतकर्ता का नाम उजागर कर देते हैं, जिसके बाद खनन धंधे से जुड़े लोग काली गाड़ियों में आकर धमकी देते हैं। कई बार वे अधिकारियों पर भी हमला कर चुके हैं।
एसडीएम अमन देओल ने कहा कि जांच जारी है और यदि अवैध खनन की पुष्टि होती है, तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।