कर्नाटक में अनोखी चोरी: 10 लाख के गहने उड़ा ले गया 'मासूम चोर', CCTV देखकर ज्वेलर के उड़े होश
कर्नाटक के तुमकुरु से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ऐसी चोरी हुई है, जिसने पुलिस और दुकानदारों दोनों को अचंभे में डाल दिया। क्या आप सोच सकते हैं कि कोई ऐसा चोर भी हो सकता है जिसे सोने-चांदी की कीमत से कोई मतलब न हो, फिर भी वह रातों-रात 10 लाख के गहने साफ कर दे? जी हां, तुमकुरु की एक ज्वैलरी शॉप में बिल्कुल ऐसा ही वाकया हुआ है।
बिना ताला टूटे गायब हुए 10 लाख के जेवर
यह पूरी घटना तुमकुरु शहर के कैल्टेक्स सर्कल स्थित 'विश्वास ज्वेलरी' की है। सुबह जब दुकान के कर्मचारी रोजमर्रा की तरह ताला खोलकर अंदर पहुंचे, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने देखा कि दुकान से करीब 50 ग्राम से ज्यादा सोने और हीरे के गहने गायब हैं, जिनकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये थी। सबसे बड़ी हैरानी की बात यह थी कि दुकान का ताला बिल्कुल सुरक्षित था और अंदर किसी भी तरह की सेंधमारी या तोड़फोड़ के निशान नहीं थे। इस रहस्यमयी चोरी से दुकान में अफरा-तफरी मच गई।
CCTV फुटेज से खुला 'मासूम चोर' का राज
पुलिस को सूचना देने से पहले कर्मचारियों ने खुद ही दुकान के सीसीटीवी कैमरे खंगालने का फैसला किया। जैसे ही उन्होंने रात का फुटेज देखा, उनकी आंखें फटी की फटी रह गईं। वीडियो में जो दिखा, उसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। फुटेज में साफ दिख रहा था कि एक छोटा सा चूहा बड़े ही आराम से एक-एक करके गहनों को उठा रहा है और उन्हें अपने बिल के अंदर खींच कर ले जा रहा है।
बिल की खुदाई और खजाने की वापसी
असली चोर की पहचान होने के बाद कर्मचारियों ने चूहे के रास्ते का पीछा किया और दुकान के अंदर ही बने उसके ठिकाने (बिल) को खोज निकाला। जब कर्मचारियों ने उस बिल की थोड़ी खुदाई की, तो उनकी मेहनत रंग लाई। चूहे के उस 'सीक्रेट लॉकर' से चोरी हुई 10 अंगूठियां और तीन सोने की चेन समेत पूरा माल सुरक्षित वापस मिल गया। अपनी आंखों के सामने सारा सामान वापस मिलने के बाद ज्वेलर और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। अब इस 'मासूम चोर' का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस अनोखी घटना के खूब मजे ले रहे हैं।