13 हजार में घर और मुफ्त शिक्षा! भारतीय लड़की ने अमेरिकी सैनिक से की शादी, गिनाए US Army के 3 चौंकाने वाले फायदे
आजकल सोशल मीडिया पर एक भारतीय कंटेंट क्रिएटर मेघा और उनके अमेरिकी फौजी पति मिशेल लेलैंड हिल का वीडियो खूब सुर्खियां बटोर रहा है। अपने ज्वाइंट इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस कपल ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वे बता रहे हैं कि अमेरिकी सैन्य परिवार का हिस्सा होने के क्या-क्या शानदार फायदे हैं। यह वीडियो इतना वायरल हो गया है कि इंटरनेट पर लोग अब अमेरिकी और भारतीय सेना की सुविधाओं की तुलना करने लगे हैं।
US Army के जवानों को मिलने वाले 3 सबसे बड़े फायदे
वायरल क्लिप में मिशेल ने अमेरिकी सेना में होने के तीन मुख्य फायदे गिनाए हैं, जिन्हें सुनकर हर कोई हैरान है:
जिंदगीभर की मुफ्त शिक्षा: मिशेल के मुताबिक, अमेरिका के किसी भी स्कूल में पढ़ाई करने के लिए सेना के जवानों को हर महीने 1000 डॉलर (लगभग 83,000 रुपये) दिए जाते हैं।
फ्री और बेहतरीन हेल्थकेयर: सैन्य कर्मियों और उनके परिवार को 'डिपार्टमेंट ऑफ वेटरन्स अफेयर्स' के जरिए पूरे देश में जीवन भर के लिए मुफ्त और विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं मिलती हैं।
सिर्फ 13,000 रुपये में अपना घर: सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह है कि सेना के जवानों को घर खरीदने के लिए केवल कागजी कार्रवाई (पेपरवर्क) के 140 डॉलर (करीब 13,000 रुपये) देने होते हैं और घर की चाबी उनके हाथ में आ जाती है।
हर महीने 4 लाख की सैलरी और 2 महीने में ग्रीन कार्ड
सुविधाओं का सिलसिला यहीं खत्म नहीं होता। एक अन्य वीडियो में इस कपल ने खुलासा किया कि एक सैनिक के तौर पर मिशेल को हर महीने 4200 डॉलर मिलते हैं, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 4 लाख रुपये के बराबर है। इसके अलावा, मेघा ने बताया कि अमेरिकी आर्मी से जुड़े होने और उनके पति के दो युद्धों में हिस्सा लेने की वजह से उन्हें स्थायी नागरिकता यानी 'ग्रीन कार्ड' महज 2 महीने के रिकॉर्ड समय में मिल गया।
भारतीय सेना की सुविधाओं से हो रही तुलना
इंस्टाग्राम पर 22 लाख से ज्यादा बार देखे जा चुके इस वीडियो पर यूजर्स जमकर कमेंट कर रहे हैं। एक तरफ जहां कुछ लोग इसे 'सरकारी नौकरी वाले पति' का फायदा बता रहे हैं, तो वहीं कई लोग भारतीय सेना की सुविधाओं की तारीफ कर रहे हैं। कई पूर्व सैन्य परिवारों ने कमेंट सेक्शन में बताया कि भारतीय रक्षा कर्मियों को भी कैंटोनमेंट एरिया में शानदार क्वार्टर, आर्मी स्कूलों में बेहतरीन पढ़ाई, कैंटीन में डिस्काउंट और शानदार चिकित्सा सुविधाएं मिलती हैं।