जिले की 22 जर्जर सड़कों का होगा कायाकल्प, 40 करोड़ की परियोजना से बेहतर होगा आवागमन
- by Priyanka Tiwari
- 2025-11-17 02:11:00
India News Live,Digital Desk : जिले में खराब सड़कों से हो रही दिक्कतों को देखते हुए अब 22 संपर्क मार्गों की तस्वीर बदलने की तैयारी शुरू हो गई है। लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से सिकंदरा, रसूलाबाद और डेरापुर इलाके के कई महत्वपूर्ण मार्गों की मरम्मत कर उन्हें बेहतर बनाया जाएगा। इनमें से 19 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी भी कर दी गई है, जिससे जल्द काम शुरू हो जाएगा।
डेरापुर के सरगांव खुर्द से बिरिया जंगल तक 1.2 किलोमीटर लंबा संपर्क मार्ग लंबे समय से खराब स्थिति में है। यही हाल रसधान–कलेनापुर, उलरापुर और सिकंदरा–नंदपुर समेत कई अन्य मार्गों का भी है। सड़कें टूटी होने के कारण आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। हल्की बारिश में भी मार्गों पर फिसलन बढ़ जाती है और दोपहिया वाहन सवार अक्सर गिरकर घायल हो जाते हैं। पैदल चलने वालों के लिए भी यह रास्ते किसी मुसीबत से कम नहीं।
स्थानीय लोगों की लगातार मांग पर इन मार्गों का प्रस्ताव तैयार किया गया था, जिसे मंजूरी मिल गई है। अब जल्द ही इन 22 सड़कों की मरम्मत शुरू होने वाली है। इससे लंबे समय से आवागमन की समस्या झेल रहे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
अधिशासी अभियंता राकेश यादव के अनुसार, औरंगाबाद–डालचंद्र संपर्क मार्ग की मरम्मत पर 18.86 लाख रुपये खर्च होने हैं, जिसमें से 9.43 लाख जारी कर दिए गए हैं। इसी तरह रसूलाबाद के मालकापुरवा मार्ग के लिए 10.53 लाख, परजनी पुल से गोपालपुर मार्ग के लिए 19.67 लाख, बरिगौ बंबी–रामपुर मार्ग के लिए 22.22 लाख और रतनपुर–धरमूपुर मार्ग के लिए 17.72 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन सभी परियोजनाओं में 50 प्रतिशत धनराशि आवंटित कर दी गई है।
जिले भर में 22 संपर्क मार्गों की स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द ही सभी पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिलेगा।