ऑस्ट्रेलिया की नाकामी से सीखा सबक, इंग्लैंड में चमके ऋषभ पंत – कोच ने बताई मेहनत की कहानी
India News Live,Digital Desk : ऑस्ट्रेलिया दौरे पर खराब शॉट खेलकर आउट होने वाले ऋषभ पंत ने अपनी गलतियों से सबक लेते हुए रक्षात्मक बल्लेबाज़ी पर काफी मेहनत की। इसका नतीजा ये रहा कि इंग्लैंड के खिलाफ लीड्स टेस्ट में उन्होंने शानदार शतक ठोंक दिया। यह खुलासा खुद उनके बचपन के कोच देवेंद्र शर्मा ने किया है।
कोच देवेंद्र ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया में मिली नाकामी के बाद पंत ने अपनी तकनीक में कई अहम बदलाव किए। स्ट्रोक खेलने की जल्दी को कंट्रोल किया और अपने डिफेंस को मजबूत बनाया। उन्होंने कहा, “इंग्लैंड रवाना होने से पहले हमने इस बात पर खास चर्चा की थी कि पंत को अब कम शॉट खेलने हैं और अपने विकेट की कीमत समझनी है। इंग्लैंड की पिचों पर गेंद ज़्यादा मूव करती है, इसलिए वहां टिक कर खेलने की जरूरत होती है।”
शतक से दी आलोचकों को जवाब
इंग्लैंड में पहले टेस्ट की शुरुआत ही पंत ने बेन स्टोक्स के खिलाफ छक्का लगाकर की। इस आक्रामक शुरुआत के बाद उन्होंने शानदार 134 रन बनाए, जो उनके टेस्ट करियर का सातवां शतक था। इस पारी के साथ उन्होंने एमएस धोनी को पीछे छोड़ दिया और टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय विकेटकीपर बन गए। इंग्लैंड में यह उनका दूसरा शतक है।
पंत के पास समय की कला: कोच
कोच शर्मा ने पंत की बल्लेबाजी की खासियत को लेकर कहा कि वह क्रीज में थोड़ा अंदर खेलते हैं और उनके पास शॉट चयन के लिए पर्याप्त समय होता है। इसी वजह से वह इंग्लैंड जैसी चुनौतियों से भरी परिस्थितियों में भी सफल हो पाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जब पंत दूसरी पारी में खेलते हैं तो और बेहतर करते हैं।
तीनों फॉर्मेट में वापसी तय
देवेंद्र शर्मा को पूरा विश्वास है कि पंत तीनों फॉर्मेट के खिलाड़ी हैं। हालांकि फिलहाल वह टीम इंडिया के सभी प्रारूपों में नहीं खेल रहे, लेकिन कोच को भरोसा है कि आईपीएल में असफलता के बाद भी वह दमदार वापसी करेंगे। उन्होंने कहा, “अगर आप अच्छे खिलाड़ी हैं तो आपको मैदान पर प्रदर्शन करके दिखाना ही होगा। पंत में वह क्षमता है।”