Rinku Singh's blast : 48 गेंदों पर शतक, मेरठ मावेरिक्स ने गोरखपुर लायंस को हराया
- by Priyanka Tiwari
- 2025-08-22 16:17:00
India News Live,Digital Desk : यूपी प्रीमियर लीग 2025 के 9वें मुकाबले में मेरठ मावेरिक्स और गौर गोरखपुर लायंस आमने-सामने थे। इस मैच में मेरठ की ओर से खेलने उतरे रिंकू सिंह ने अपनी तूफानी बल्लेबाज़ी से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। उन्होंने सिर्फ 48 गेंदों पर नाबाद 108 रन ठोकते हुए टीम को शानदार जीत दिलाई।
रिंकू सिंह की इस पारी में 7 चौके और 8 लंबे छक्के शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 225 का रहा। टीम जब मुश्किल हालात में 38 रन पर 4 विकेट खो चुकी थी, तब रिंकू क्रीज़ पर आए और अकेले दम पर मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने पहले 34 गेंदों पर 58 रन बनाए और फिर अगली 14 गेंदों पर 364 की स्ट्राइक रेट से 50 रन जोड़ दिए।
मेरठ मावेरिक्स को जीत के लिए 168 रनों का लक्ष्य मिला था, जिसे टीम ने 18.5 ओवर में 4 विकेट से हासिल कर लिया। रिंकू सिंह के इस दमदार प्रदर्शन पर उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उनकी इस फॉर्म को देखकर क्रिकेट प्रेमियों का मानना है कि एशिया कप 2025 से पहले वह अपनी लय में वापस आ गए हैं।