हैदराबाद की स्टार गेंदबाज़ गौहर सुल्ताना ने क्रिकेट को कहा अलविदा, करियर का सुनहरा अध्याय हुआ समाप्त
- by Priyanka Tiwari
- 2025-08-22 16:14:00
India News Live,Digital Desk : हैदराबाद की गलियों से उठकर भारतीय महिला क्रिकेट टीम तक पहुंचने वाली बाएं हाथ की स्पिनर गौहर सुल्ताना ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। उनका क्रिकेट सफर किसी फ़िल्मी कहानी से कम नहीं रहा।
गौहर ने साल 2008 में पाकिस्तान के खिलाफ वनडे डेब्यू किया और भारत के लिए 50 वनडे और 37 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। वह 2009 और 2013 महिला विश्व कप में भारतीय टीम का अहम हिस्सा रहीं।
अपने करियर में गौहर ने कुल 95 विकेट चटकाए, जिनमें 66 विकेट केवल वनडे क्रिकेट से आए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन श्रीलंका के खिलाफ रहा, जब उन्होंने मात्र 4 रन देकर 4 विकेट झटके थे।
सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए संन्यास की घोषणा करते हुए गौहर ने लिखा—
“मुस्कुराते हुए क्रिकेट को अलविदा कह रही हूं। भारतीय जर्सी पहनकर देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा। मेरे साथी खिलाड़ियों, कोचों, चयनकर्ताओं और सहयोगी स्टाफ का दिल से आभार।”
उन्होंने आगे लिखा—
“खेल हमेशा मेरा घर रहेगा। भले ही खिलाड़ी के रूप में मेरा सफर समाप्त हो गया है, लेकिन क्रिकेट के प्रति मेरा प्यार हमेशा कायम रहेगा। अब मैं नए रूप में खेल की सेवा करने, युवाओं को प्रेरित करने और मार्गदर्शन देने की कोशिश करूंगी। यह अंत नहीं, बल्कि एक नए अध्याय की शुरुआत है।”
2014 टी20 विश्व कप के बाद गौहर को टीम इंडिया से बाहर कर दिया गया था, लेकिन उनका घरेलू क्रिकेट सफर जारी रहा। उन्होंने हैदराबाद, रेलवे, पुडुचेरी और बंगाल की टीमों के लिए खेला। हाल ही में महिला प्रीमियर लीग में वह यूपी वॉरियर्स की जर्सी में दिखाई दी थीं।