यूएन मंच पर फिर शर्मिंदा हुआ पाकिस्तान, मंत्री ख्वाजा आसिफ की जुबान फिसली सात बार
- by Priyanka Tiwari
- 2025-09-27 14:53:00
India News Live, Digital Desk: पाकिस्तान एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर हास्यास्पद स्थिति में फंस गया। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में एआई इनोवेशन डायलॉग के दौरान पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भाषण तो दिया, लेकिन उनकी जुबान बार-बार फिसलती रही।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में आसिफ ने एआई के खतरों पर बात करने की कोशिश की। लेकिन भाषण के दौरान उन्होंने कम से कम सात बार शब्दों का गलत उच्चारण किया। "ब्रीदटेकिंग", "रीशेपिंग आवर वर्ल्ड" और "स्पेस" जैसे आसान शब्दों को भी उन्होंने गलत बोला। इतना ही नहीं, "रिस्क" की जगह उन्होंने बार-बार "रिक्स" कहा, जिसे सुनकर वहां मौजूद कई प्रतिनिधि असहज हो गए।
यह पूरा वाकया कैमरे में कैद हो गया और कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने उनकी गलतियों का वीडियो साझा किया, जिसके बाद इंस्टाग्राम और एक्स (ट्विटर) पर यूज़र्स ने मज़ेदार कमेंट्स किए। किसी ने लिखा- “ऑपरेशन सिंदूर ने इन्हें हिला दिया है।” तो किसी ने तंज कसा- “ये एक भी वाक्य सही से नहीं बोल पाते।”
हालांकि ट्रोलिंग के बावजूद ख्वाजा आसिफ ने अपने आत्मविश्वास में कमी नहीं आने दी और लगातार एआई से जुड़ी चिंताओं पर ज़ोर देते रहे। उन्होंने चेताया कि युद्ध के समय एआई तकनीक खतरनाक साबित हो सकती है, क्योंकि यह निर्णय लेने की समय-सीमा को घटाती है और कूटनीतिक विकल्पों को सीमित करती है।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि वैश्विक मानक और कानूनी सुरक्षा नहीं बनाए गए, तो एआई क्रांति से डिजिटल विभाजन और गहराएगा, नई निर्भरताएं पैदा होंगी और शांति के लिए बड़ा खतरा खड़ा हो जाएगा।