अब फोन के नॉर्मल मैसेज से ही होगी 'वीडियो कॉल', आया बेहद धांसू फीचर, जानें कैसे करेगा काम
India News Live,Digital Desk : क्या आप जानते हैं कि जल्द ही आपको वीडियो कॉल करने के लिए व्हाट्सएप या किसी अन्य थर्ड-पार्टी ऐप की जरूरत नहीं पड़ेगी? जी हां, आपके फोन का साधारण 'मैसेज बॉक्स' अब पूरी तरह बदलने जा रहा है। GSMA (ग्लोबल सिस्टम फॉर मोबाइल कम्युनिकेशन्स एसोसिएशन) ने RCS Universal Profile 4.0 पेश कर दिया है। यह एक ऐसा क्रांतिकारी अपडेट है जो आपके नॉर्मल मैसेजिंग ऐप को व्हाट्सएप जैसा 'स्मार्ट' बना देगा। अब आप सीधे टेक्स्ट मैसेज विंडो से ही हाई-क्वालिटी वीडियो कॉल शुरू कर सकेंगे।
नॉर्मल मैसेज में 'नेटिव वीडियो कॉल': क्या है MIVC तकनीक?
GSMA के टेक्निकल डायरेक्टर टॉम वैन पेल्ट ने खुलासा किया कि नए स्टैंडर्ड में MIVC (Messaging-Initiated Video Calls) को इंटीग्रेट किया गया है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि आप वन-टू-वन चैट हो या ग्रुप चैट, सीधे मैसेज बॉक्स से वीडियो कॉल शुरू कर पाएंगे। ठीक व्हाट्सएप की तरह, अगर आप कॉल शुरू होने के समय जॉइन नहीं कर पाए, तो बाद में भी 'ऑनगोइंग कॉल' का हिस्सा बन सकेंगे। यह सुविधा अलग-अलग डिवाइस और सेल्युलर नेटवर्क पर निर्बाध रूप से काम करेगी।
अब टेक्स्ट को बनाएं 'एक्सप्रेसिव': बोल्ड, इटैलिक और बहुत कुछ
अभी तक नॉर्मल मैसेज में हम केवल सादा टेक्स्ट भेज पाते थे, लेकिन RCS 4.0 के आने के बाद आप अपने मैसेज को स्टाइल कर सकेंगे। अब आप मैसेज टाइप करते समय किसी शब्द को बोल्ड (Bold), इटैलिक (Italic) कर पाएंगे या गलत लिखे शब्द को बीच से काट (Strikethrough) सकेंगे। इसके अलावा, यह नया स्टैंडर्ड बेहतर क्वालिटी के ऑडियो और वीडियो एक्सचेंज को भी सपोर्ट करेगा, जिससे चैटिंग का अनुभव बिल्कुल व्हाट्सएप जैसा मजेदार हो जाएगा।
बिजनेस मैसेजिंग में 'रिच कार्ड्स' का जादू
यह अपडेट केवल आम यूजर्स के लिए ही नहीं, बल्कि बिजनेस हाउसेस के लिए भी बड़े काम का है। अब कंपनियां आपको 'रिच कार्ड्स' भेज सकेंगी, जिनमें स्ट्रीमिंग वीडियो के लिंक होंगे। यानी आपको वीडियो देखने के लिए उसे डाउनलोड करने की जरूरत नहीं होगी, वह सीधे चैट विंडो में ही प्ले हो जाएगा। इससे आप बिना ऐप छोड़े रेस्टोरेंट का मेन्यू देख सकेंगे या शॉपिंग कर पाएंगे। हालांकि, पेमेंट जैसे सुरक्षित कामों के लिए आपको आधिकारिक ऐप पर रीडायरेक्ट किया जाएगा।
Google और Apple के पाले में गेंद
हालांकि GSMA ने इस नए स्टैंडर्ड की घोषणा कर दी है, लेकिन अभी तक गूगल (Google) और एप्पल (Apple) ने इसे अपने ऑपरेटिंग सिस्टम में शामिल करने की आधिकारिक तारीख नहीं बताई है। तकनीकी विशेषज्ञों का मानना है कि भविष्य के अपडेट्स में इसे एंड्रॉइड और आईफोन के नेटिव मैसेजिंग ऐप्स में देखा जा सकेगा।