चमोली में भारी बारिश ने मचाई तबाही, सैकड़ों परिवार खतरे में
- by Priyanka Tiwari
- 2025-09-18 14:12:00
India News Live,Digital Desk : उत्तराखंड के चमोली ज़िले में बारिश ने एक बार फिर तबाही मचा दी है। नंदानगर इलाके में देर रात बादल फटने से नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ गया और कई घर मलबे में दब गए। अब तक 10 से ज़्यादा लोगों के लापता होने की खबर है, जबकि दो लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।
नंदानगर के गाँवों में सबसे ज़्यादा नुकसान
जानकारी के मुताबिक नंदानगर नगर पंचायत के कुंतारी लागफली वार्ड में 6 घर मलबे में दब गए हैं। यहाँ से कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। सरपानी और घुरमा गाँवों में भी भारी नुकसान हुआ है। सीएमओ ऑफिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटनास्थल पर मेडिकल टीम और 3 एम्बुलेंस भेजी गई हैं। मोक्ष नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे हालात और गंभीर हो सकते हैं।
धुर्मा गाँव में भी बादल फटने की घटना
धुर्मा गाँव में बादल फटने से पाँच घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। यहाँ भी दो लोग लापता बताए जा रहे हैं। इस हादसे में मवेशियों को भी भारी नुकसान पहुँचा है। प्रशासन ने बताया कि कुल मिलाकर अब तक 18 लोग लापता बताए जा रहे हैं।
देहरादून में स्कूल बंद, सैकड़ों परिवार प्रभावित
चमोली के अलावा देहरादून जिले में भी बारिश का असर देखने को मिला है। रायवाला में 200 से अधिक परिवार पानी में फँस गए, जिन्हें निकालने के लिए एसडीआरएफ लगातार काम कर रही है। मसूरी की यात्रा पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। घुरमा गाँव में भी बारिश से कई घरों को नुकसान हुआ है। हालात को देखते हुए देहरादून जिले के सभी स्कूलों और आंगनवाड़ियों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।
स्थानीय प्रशासन और बचाव दल रातभर से राहत कार्यों में जुटे हुए हैं। मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी है और प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया जा रहा है।