BREAKING:
September 03 2026 10:01 am

मानसून की विदाई अधूरी, सितंबर में फिर छाएगा बारिश का साया

Post

India News Live,Digital Desk : दक्षिण-पश्चिम मानसून अब धीरे-धीरे विदाई की ओर बढ़ रहा है, लेकिन देश के कई राज्यों में बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। मौसम विभाग ने एक बार फिर भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। उत्तराखंड और महाराष्ट्र में बादल फटने से हालात बिगड़ गए हैं। वहीं, दिल्ली से लेकर यूपी, बिहार, गुजरात और महाराष्ट्र तक बारिश का असर देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 18 सितंबर से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड में भारी बारिश की संभावना है। साथ ही गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान के कई हिस्सों में भी बारिश हो सकती है। पूर्वी भारत के कई राज्यों में 30–40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का भी अनुमान है।

उत्तराखंड में बादल फटा, तबाही का मंजर

उत्तराखंड में बुधवार रात चमोली जिले में बादल फटने की घटना सामने आई। नंदनगर क्षेत्र के फली कुंत्री, सैंती कुंत्री, भेंसवाड़ा और धुरमानी इलाकों में अचानक हुई बारिश और मलबे ने तबाही मचाई। इस हादसे में छह इमारतें पूरी तरह ध्वस्त हो गईं और सात लोग लापता बताए जा रहे हैं। मौसम विभाग ने पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत और नैनीताल समेत कई जिलों में अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-एनसीआर में बारिश की चेतावनी

दिल्ली-एनसीआर में 18 सितंबर को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसका असर खासकर पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली में अधिक रहेगा। अगले तीन दिनों तक रुक-रुककर बारिश हो सकती है। दशहरा पर्व के आयोजनों पर भी इसका असर पड़ सकता है।

बिहार और यूपी में भारी बारिश का अलर्ट

बिहार और उत्तर प्रदेश में भी 18 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। बिहार के बक्सर, रोहतास, औरंगाबाद, कैमूर, भोजपुर, मधुबनी और दरभंगा जैसे जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। वहीं यूपी में भी कई जिलों में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

झारखंड और बंगाल में येलो अलर्ट

झारखंड में लगभग सभी जिलों के लिए 18 सितंबर को येलो अलर्ट जारी किया गया है। रांची, जमशेदपुर, बोकारो और पलामू में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल में भी मौसम बिगड़ने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी है।