Fog brings traffic to a standstill in Unnao: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर 13 वाहनों की भीषण टक्कर, 13 घायल
India News Live,Digital Desk : घने कोहरे ने गुरुवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कहर बरपा दिया। बेहटा मुजावर क्षेत्र में जोगीकोट गांव के पास दृश्यता बेहद कम होने के कारण एक के बाद एक 13 वाहन आपस में टकरा गए, जिसमें 13 लोग घायल हो गए। हादसे के चलते एक्सप्रेसवे पर करीब चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आगरा से लखनऊ की ओर जा रही लेन पर सबसे पहले ट्रक और डंपर की जोरदार भिड़ंत हुई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन सड़क पर तिरछे खड़े हो गए और पूरी लेन बंद हो गई। इसके बाद पीछे से आ रहे वाहन एक-दूसरे से टकराते चले गए।
ट्रेलर और स्लीपर बस भी चपेट में
हादसे के दौरान ट्रैक्टर लादकर जा रहा एक ट्रेलर भी दुर्घटनास्थल से टकरा गया। इसी बीच दिल्ली से लगभग 40 यात्रियों को लेकर आ रही एक स्लीपर बस आगे खड़ी कार से टकराकर ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक विवेक केबिन में फंस गए।
कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला गया। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने शीशे तोड़कर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
कई कार सवार भी घायल
टक्कर की चपेट में आई कार में सवार बिहार के बेगूसराय निवासी सगे भाई रितेश और विक्रम यादव भी घायल हो गए। तेज झटके से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ अन्य वाहन भी एक-दूसरे से भिड़ते चले गए।
रेस्क्यू अभियान, डेढ़ घंटे बाद बहाल हुआ ट्रैफिक
सूचना मिलते ही यूपीडा, पुलिस और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया जा सका।
घायलों को एंबुलेंस से बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
ये लोग हुए घायल
रत्नेश चौरसिया – राजेंद्र नगर, सुल्तानपुर
लीला – हिसार, हरियाणा
रितेश – बेगूसराय, बिहार
विक्रम यादव – बेगूसराय, बिहार
रेनू यादव – निमियापुर, अमेठी
प्रमिला – निमियापुर, अमेठी
सोनिया – निमियापुर, अमेठी
प्रमोद – निमियापुर, अमेठी
दीपू जायसवाल – किशुनपुर मितौली बाजार, महराजगंज
लक्ष्मीना – किशुनपुर मितौली बाजार, महराजगंज
नीतीश मिश्रा – खेमरिया कला, विंध्याचल
विवेक – मलायन बढ़पुर, इटावा
शिवम – मलायन बढ़पुर, इटावा