कानपुर मास्टर प्लान 2031 को CM योगी की मंजूरी, शहर में विकास और औद्योगिक विस्तार के नए द्वार खुले
India News Live,Digital Desk : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानपुर मास्टर प्लान 2031 को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। यह योजना शहर की बढ़ती आबादी, बढ़ती जरूरतों और औद्योगिक विकास को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। मास्टर प्लान के लागू होने से अब कानपुर में औद्योगिक क्षेत्र, आवासीय और व्यावसायिक विकास योजनाएं तेजी से धरातल पर लाई जा सकेंगी।
सात वर्षों की मेहनत और अनुसंधान के बाद तैयार किया गया यह जीआईएस-आधारित मास्टर प्लान शहर की 51 लाख से अधिक आबादी की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसके तहत कानपुर नगर, शुक्लागंज, बिठूर और अकबरपुर समेत 386 गांवों की जमीन शामिल की गई है। पहले के मास्टर प्लान 2021 में सिर्फ 32,080 हेक्टेयर एरिया शामिल था, जबकि नया मास्टर प्लान 58,078 हेक्टेयर क्षेत्र को कवर करेगा।
कृषि भूमि का रूपांतरण
मास्टर प्लान में अब चकेरी, रूमा, कुल गांव, उचटी, सनिगवां और न्यू कानपुर सिटी जैसी कृषि भूमि को आवासीय और व्यावसायिक उपयोग के लिए शामिल किया गया है। इससे पहले इन क्षेत्रों में योजना लाना मुश्किल था। अब इन जमीनों पर नए औद्योगिक पार्क, आवासीय और वाणिज्यिक परियोजनाएं आसानी से विकसित की जा सकेंगी।
ट्रैफिक और हरियाली की व्यवस्था
मास्टर प्लान 2031 में ट्रैफिक और परिवहन के लिए 12.75 प्रतिशत यानी 7406.59 हेक्टेयर जमीन आरक्षित की गई है। इसमें हैवी, फोर और टू व्हीलर्स के लिए अलग लेन और साइकिल लेन का प्रावधान है।
प्रदूषण नियंत्रण के लिए 18.89 प्रतिशत क्षेत्र यानी 10,970 हेक्टेयर जमीन ग्रीन बेल्ट, पार्क और खुली जगहों के लिए सुरक्षित की गई है।
औद्योगिक और स्मार्ट सिटी क्षेत्र
नारामऊ में औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा। मास्टर प्लान के तहत:
100 हेक्टेयर में मेडिसिन सिटी
359 हेक्टेयर में नॉलेज पार्क
500 हेक्टेयर में ईवी पार्क
100 हेक्टेयर में मेगा एसएसएसई पार्क
विभिन्न जोन और भविष्य की योजनाएं
बिठूर: पर्यटन क्षेत्र
न्यू कानपुर सिटी: आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्र
ग्रेटर कानपुर: पांच हजार एकड़ में विकसित
मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि मास्टर प्लान 2031 के अनुमोदन के बाद कानपुर के विकास कार्य जल्द धरातल पर होंगे, औद्योगिक और आवासीय क्षेत्रों का विस्तार होगा और शहर को भविष्य की जरूरतों के लिए तैयार किया जाएगा।