UP Weather Alert: यूपी में अगले 3 घंटों में मौसम का यू-टर्न, लखनऊ-आगरा समेत कई जिलों में 70 की रफ्तार से आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट

Post

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भीषण और झुलसाने वाली गर्मी से बेहाल आम जनता के लिए आखिरकार राहत की बड़ी खबर आई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के मौसम को लेकर एक बेहद तात्कालिक और बड़ा अलर्ट (Nowcast) जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 घंटों के भीतर राजधानी लखनऊ और ताजनगरी आगरा समेत प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम पूरी तरह बदलने वाला है। इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से प्रचंड आंधी चलने, झमाझम बारिश होने और कुछ इलाकों में भारी ओलावृष्टि (Hailstorm) की चेतावनी जारी की गई है।

इन जिलों में मचेगा आंधी का हाहाकार, ओलावृष्टि की आशंका

मौसम विभाग द्वारा जारी तात्कालिक पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बादलों की तेज गरज-चमक के साथ गंभीर मौसमी गतिविधियां देखने को मिलेंगी:

उन्नाव, लखनऊ और हरदोई: इन जिलों और इनके आसपास के क्षेत्रों में मौसम सबसे ज्यादा आक्रामक हो सकता है। यहां 60 से 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश और ओले गिरने की प्रबल आशंका है।

कानपुर, इटावा और औरैया: जालौन, इटावा, आगरा, कानपुर देहात, उन्नाव, औरैया, लखनऊ, बाराबंकी और हरदोई जिलों के कुछ हिस्सों में 40 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज धूल भरी आंधी चलने और मध्यम दर्जे की बारिश होने के आसार जताए गए हैं।

30 जिलों में हल्की बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी

प्रदेश के एक बड़े हिस्से में आंधी के साथ-साथ हल्की फुहारें पड़ने की भी संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग ने प्रयागराज, चित्रकूट, महोबा, बांदा, कौशांबी, हमीरपुर, फतेहपुर, जालौन, रायबरेली, कानपुर नगर, ललितपुर, झांसी, इटावा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, कुशीनगर, कानपुर देहात, उन्नाव, औरैया, लखनऊ, बाराबंकी, कन्नौज, हरदोई, सीतापुर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर और श्रावस्ती में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है।

उमस और गर्म रातों से बेहाल थे लोग, 40 डिग्री का तापमान लग रहा था 44 जैसा

इस बारिश से पहले पूरा उत्तर प्रदेश भीषण तपन की चपेट में था। दोपहर के समय चलने वाली पछुआ हवाओं (लू) के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया था। हालांकि, तराई के कुछ जिलों में पूरवा हवाएं चलने के कारण हवा में नमी (Humidity) काफी बढ़ गई थी। इस अत्यधिक नमी के कारण भले ही वास्तविक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा था, लेकिन शरीर को महसूस होने वाली गर्मी (Real Feel) 44 डिग्री सेल्सियस जैसी असहनीय लग रही थी। जमीन के अत्यधिक गर्म होने के कारण लोगों को रात के समय भी गर्म हवाओं के थपेड़े झेलने पड़ रहे थे, जिससे अब इस बारिश के बाद बड़ी राहत मिलेगी।

धान की रोपाई की तैयारी में जुटे किसानों के चेहरे खिले

मौसम विभाग का यह ताजा अलर्ट उन किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है जो बारिश के इंतजार में बेहाल बैठे थे। अगले सप्ताह से उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में धान की रोपाई का मुख्य सीजन शुरू होने जा रहा है। इस समय किसान धान की बेड़न (नर्सरी) तैयार करने और खेतों की जुताई में व्यस्त हैं। कड़कड़ाती धूप के कारण खेतों की नमी तेजी से गायब हो रही थी और किसान पंपिंग सेटों के सहारे भारी खर्च कर सिंचाई करने को मजबूर थे। ऐसे में इस प्री-मानसून बारिश से खेतों को नई जान मिलेगी और किसानों की लागत में बड़ी कमी आएगी।