'कल तक चीनी एजेंट थे, आज हमदर्द कैसे?' सोनम वांगचुक के अनशन तोड़ते ही तिलमिलाई कांग्रेस, मसूद बोले- 'अन्ना पार्ट-2'
सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक द्वारा 26 दिनों का कड़ा अनशन समाप्त करने के बाद देश की सियासत में बड़ा भूचाल आ गया है। केंद्रीय मंत्रियों जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह की मौजूदगी में जूस पीकर अनशन तोड़ने के फैसले पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने वांगचुक पर तीखा हमला बोला है। मसूद ने उन्हें 'अन्ना हजारे पार्ट-2' बताते हुए सरकार के साथ 'निजी डील' करने का गंभीर आरोप लगाया है।
'45 सांसदों की नहीं सुनी, मंत्रियों के आते ही पी लिया जूस'
सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने वांगचुक के रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्ष के 45 सांसद उनसे मिलने और अनशन खत्म करने का अनुरोध करने गए थे, तब उन्होंने बात नहीं मानी। लेकिन दो केंद्रीय मंत्रियों के आते ही उन्होंने तुरंत अनशन तोड़ दिया।
"बीजेपी वाले कल तक आपको 'चीनी एजेंट' कहते थे, आज वे आपके सबसे बड़े हमदर्द कैसे बन गए? अन्ना हजारे 12 साल से चुप हैं और अब सोनम वांगचुक भी चुप बैठेंगे। क्या डील के वक्त कोई छात्र वहां मौजूद था?"
— इमरान मसूद (कांग्रेस सांसद)
बीजेपी का पलटवार: 'क्रेडिट न मिलने से बौखलाहट में है कांग्रेस'
इमरान मसूद के आरोपों का जवाब देते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जब सरकार ने बातचीत करके मुद्दा सुलझा लिया और संसद में पेपर लीक पर चर्चा का आश्वासन दे दिया, तो कांग्रेस क्रेडिट न मिलने की हताशा में वांगचुक जैसी शख्सियत का अपमान कर रही है।
CJP का जंतर-मंतर पर प्रदर्शन रहेगा जारी
भले ही वांगचुक ने अपना अनशन खत्म कर दिया हो, लेकिन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने आंदोलन वापस लेने से साफ इनकार कर दिया है। CJP के सूत्रधार अभिजीत दीपके ने स्पष्ट किया कि जब तक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं हो जाता, तब तक जंतर-मंतर पर उनका शांतिपूर्ण धरना जारी रहेगा।