बंगाल में 'खेला' खत्म क्या शुभेंदु अधिकारी ही होंगे नए मुख्यमंत्री? अमित शाह की बड़ी बैठक कल 9 मई को शपथ ग्रहण
India News Live, Digital Desk: पश्चिम बंगाल के सियासी समर में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद अब सबकी नजरें इस सवाल पर टिकी हैं कि राज्य की कमान किसके हाथों में होगी। सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर सामने आ रही है कि भारतीय जनता पार्टी शुक्रवार (8 मई) को बंगाल के नए मुख्यमंत्री के नाम का आधिकारिक ऐलान कर सकती है। इस महत्वपूर्ण फैसले के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह खुद मैदान में उतर रहे हैं और विधायकों के साथ एक निर्णायक बैठक करने जा रहे हैं।
नए वेन्यू की तलाश: 207 विधायकों के लिए छोटा पड़ा भाजपा दफ्तर
खबर है कि भाजपा इस महा-बैठक के लिए किसी बड़े और नए स्थान की तलाश कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में इतनी जगह नहीं है कि वहां भाजपा के सभी 207 नवनिर्वाचित विधायकों को एक साथ बैठाया जा सके। हालांकि, इस स्थान परिवर्तन को लेकर अभी तक पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन तैयारी भव्य स्तर पर चल रही है।
शुभेंदु अधिकारी के नाम पर लग सकती है मुहर
राजनीतिक गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा शुभेंदु अधिकारी के नाम की है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की बैठक में शुभेंदु को विधायक दल का नेता चुना जा सकता है। प्रक्रिया के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य उनके नाम का प्रस्ताव रख सकते हैं, जिसके बाद अमित शाह उनके नाम की घोषणा करेंगे। इसके तुरंत बाद, शुभेंदु अधिकारी और शमिक भट्टाचार्य संगठन महासचिव सुनील बंसल के साथ राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
9 मई को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होगा शपथ ग्रहण
बंगाल में नई सरकार के गठन की तारीख भी तय हो गई है। प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य के अनुसार, 9 मई को कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री और दिग्गज नेता शामिल होंगे। माना जा रहा है कि भाजपा किसी 'भूमिपुत्र' को ही राज्य की सत्ता सौंपकर बंगाल की संस्कृति और परंपराओं का सम्मान करना चाहती है।
एक सीट छोड़ेंगे शुभेंदु: भवानीपुर या नंदीग्राम?
दो सीटों पर जीत दर्ज करने वाले शुभेंदु अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि वह अगले 10 दिनों के भीतर एक सीट से इस्तीफा दे देंगे। उन्होंने भवानीपुर में ममता बनर्जी को मात दी है और नंदीग्राम में अपनी जीत का सिलसिला बरकरार रखा है। अधिकारी ने कहा, “मैं कौन सी सीट अपने पास रखूंगा, इसका फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा। लेकिन मैं दोनों ही क्षेत्रों की जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाता रहूंगा।”