सुशीला कार्की बनीं नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री, लेकिन जेन-जेड नेताओं में बढ़ी नाराज़गी
- by Priyanka Tiwari
- 2025-09-16 15:27:00
India News Live,Digital Desk : नेपाल की सियासत एक बार फिर गर्म हो गई है। जेन-जेड क्रांति के बाद देश की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश रह चुकीं सुशीला कार्की को अंतरिम सरकार का मुखिया बनाया गया। शुरुआत में इसे बदलाव की दिशा में बड़ा कदम माना गया, लेकिन अब हालात उलटते दिख रहे हैं।
दरअसल, जेन-जेड आंदोलन के प्रमुख चेहरे सुदान गुरुंग सुशीला कार्की से खासे नाराज़ नज़र आ रहे हैं। उनका आरोप है कि आंदोलन में शहीद हुए युवाओं के परिवारों से प्रधानमंत्री दो बार मिलने का कार्यक्रम तय हुआ, लेकिन कार्की उनसे नहीं मिल पाईं।
सुदान गुरुंग का बड़ा बयान
सुदान गुरुंग ने कहा कि “जिसे कुर्सी पर बैठाया गया है, उसे हटाने में हमें ज़्यादा वक्त नहीं लगेगा।” उन्होंने यह भी शिकायत की कि नई कैबिनेट की घोषणा में उनकी और उनके संगठन की राय को पूरी तरह नज़रअंदाज़ कर दिया गया।
प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन
सुशीला कार्की से मुलाकात न हो पाने से गुस्साए मृतकों के परिजन और आंदोलन से जुड़े लोग प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन करने लगे। यहां तक कि उन्होंने प्रधानमंत्री से इस्तीफे की मांग भी उठाई।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि ओम प्रकाश आर्यल को बातचीत के लिए भेजा गया था, लेकिन बाद में उन्हें ही गृह मंत्री बना दिया गया। इससे युवाओं का गुस्सा और भड़क गया है।
नेपाल में नई सरकार की राह आसान नहीं दिख रही। एक ओर उम्मीदें हैं तो दूसरी ओर आंदोलनकारी युवाओं की नाराज़गी भी। अब देखना होगा कि सुशीला कार्की इस चुनौती से कैसे निपटती हैं।