शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा पर 60 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला: जानिए क्या कहा कुंद्रा ने
- by Priyanka Tiwari
- 2025-10-10 17:36:00
India News Live,Digital Desk : बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा से जुड़े 60 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी मामले की जांच लगातार जारी है। इस बीच, राज कुंद्रा ने अपनी सफाई पेश करते हुए कहा कि नोटबंदी के दौरान उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ, जिसकी वजह से उनकी कंपनी उधार ली गई राशि चुका पाने में असमर्थ रही।
दरअसल, यह मामला राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी के खिलाफ एक व्यवसायी के साथ ऋण-सह-निवेश सौदे में कथित धोखाधड़ी के आरोप को लेकर दर्ज किया गया है। राज कुंद्रा के मुताबिक, उनकी कंपनी इलेक्ट्रिकल और घरेलू उपकरणों का व्यवसाय करती थी, जो नोटबंदी के बाद आर्थिक संकट में फंस गई। इसी कारण कंपनी उधार ली गई रकम चुकाने में असमर्थ रही।
EOW कर रही गहन जांच
मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) इस मामले की गहन जांच कर रही है। शिल्पा शेट्टी से पहले ही लगभग साढ़े चार घंटे तक पूछताछ हो चुकी है। अब राज कुंद्रा का दूसरी बार बयान दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि वित्तीय संकट के कारण उनकी कंपनी उधार ली गई राशि चुकाने में असमर्थ थी।
मामला 14 अगस्त को दर्ज
शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा पहले होम शॉपिंग और ऑनलाइन रिटेल प्लेटफॉर्म ‘बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड’ के निदेशक थे, जो अब बंद हो चुकी है। 14 अगस्त को मुंबई में व्यवसायी दीपक कोठारी ने आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई कि उन्हें 2015 से 2023 के बीच कंपनी में लगभग 60 करोड़ रुपये निवेश के लिए प्रेरित किया गया, लेकिन इस राशि का इस्तेमाल निजी लाभ के लिए किया गया।
पुलिस पूछताछ के दौरान शिल्पा शेट्टी ने कहा कि उन्होंने अपने व्यवसायी पति के साथ मिलकर जो कंपनी शुरू की थी, उसके कामकाज पर पूरा ध्यान नहीं दिया।