एंजेलिना जोली ने बताया ब्रैड पिट से तलाक का सबसे दर्दनाक सच
India News Live,Digital Desk : हॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस एंजेलिना जोली हमेशा अपने काम के साथ-साथ पर्सनल लाइफ को लेकर भी सुर्खियों में रही हैं। उनकी और एक्टर ब्रैड पिट की लव स्टोरी, शादी और फिर तलाक — ये सब किसी फिल्म से कम नहीं रहा। कभी इन्हें हॉलीवुड का परफेक्ट कपल कहा जाता था, लेकिन दिसंबर 2024 में दोनों आधिकारिक तौर पर अलग हो गए।
एंजेलिना ने हाल ही में बताया कि यह तलाक उनकी ज़िंदगी का सबसे दर्दनाक दौर था। उन्होंने कहा कि ब्रैड पिट के साथ बिताए हुए पल और उनसे जुड़ी चीज़ें आज भी उन्हें गहराई से दुख पहुंचाती हैं।
“ब्रैड से जुड़ी हर चीज़ अब भी देती है दर्द”
एक इंटरव्यू में एंजेलिना ने कहा, “ब्रैड से जुड़ी हर चीज़ मुझे आज भी बहुत दर्द देती है। यही वजह थी कि हमारा रिश्ता और ज़्यादा मुश्किल होता चला गया।”
हॉलीवुड रिपोर्ट्स के मुताबिक, एंजेलिना ने कैलिफोर्निया कोर्ट में एक बयान दर्ज कराया है, जिसमें उन्होंने लिखा —
“हमारे अलग होने के पीछे जो कारण थे, वो मेरे और हमारे बच्चों के लिए बेहद कठिन थे। तलाक की अर्जी देते समय मैंने लॉस एंजिल्स और मिरावल वाले घर का नियंत्रण बिना किसी मुआवजे के ब्रैड को दे दिया था। मुझे उम्मीद थी कि वो मेरे प्रति थोड़ा नरमी दिखाएंगे।”
उन्होंने आगे कहा —
“आज तक मैं और बच्चे उस घर में वापस नहीं गए, क्योंकि वो घर हमें उन दर्दनाक घटनाओं की याद दिलाता है, जिन्होंने हमारी ज़िंदगी बदल दी।”
प्रॉपर्टी विवाद ने बढ़ाया तनाव
एंजेलिना ने बताया कि संपत्ति विवाद ने उन्हें अंदर तक तोड़ दिया। उन्होंने कहा, “2017 में हमारी कुछ बातचीत शुरू हुई थी, जब ब्रैड ने हमारे मिरावल प्रॉपर्टी के शेयर खरीदे। ये बातचीत मेरे लिए बहुत कठिन थी, क्योंकि उस घर से मेरी भावनाएं जुड़ी थीं। वहीं हमारी शादी हुई थी, वहीं मैंने अपनी प्रेग्नेंसी का समय बिताया था और अपने जुड़वां बच्चों को वहीं लाकर पाला था।”
उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए भी ये सब बहुत मुश्किल था, क्योंकि उनके बचपन की सारी यादें उसी घर से जुड़ी थीं।
कब शुरू हुई थी एंजेलिना और ब्रैड की लवस्टोरी
एंजेलिना और ब्रैड की मुलाकात साल 2005 में हुई थी। दोनों की नजदीकियां फिल्म Mr. & Mrs. Smith की शूटिंग के दौरान बढ़ीं। फिर साल 2014 में दोनों ने शादी की और छह बच्चों के साथ अपना परिवार बसाया। इनमें से तीन बच्चे एंजेलिना ने गोद लिए थे।
2016 में दोनों ने तलाक की अर्जी दी थी, लेकिन कानूनी प्रक्रिया लंबी चली। 2019 में कोर्ट ने उन्हें लीगली सिंगल घोषित कर दिया था, जबकि आधिकारिक तौर पर दोनों 2024 में अलग हुए।
एक दर्द जो अब भी बाकी है
एंजेलिना जोली का कहना है कि उन्होंने इस रिश्ते से बहुत कुछ सीखा, लेकिन जो घाव इस तलाक ने दिए, वो अब भी भर नहीं पाए हैं।