शाहरुख खान की वेब सीरीज़ में छवि खराब करने पर समीर वानखेड़े ने कोर्ट में किया दावा

Post

India News Live,Digital Desk : नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के पूर्व अधिकारी समीर वानखेड़े ने शाहरुख खान की वेब सीरीज़ 'द बैड बॉयज़ ऑफ़ बॉलीवुड' में उनकी छवि को गलत तरीके से दिखाने के आरोप में दिल्ली हाईकोर्ट में मुकदमा दायर किया है। इस मुकदमे में उन्होंने नेटफ्लिक्स, शाहरुख खान और सीरीज़ के निर्माताओं को पार्टी बनाया है और मुआवज़े की मांग भी की है।

2 करोड़ रुपये का मुआवज़ा, कैंसर पीड़ितों के लिए दान

वानखेड़े की ओर से बताया गया है कि यह मुकदमा सीरीज़ में दिखाए गए झूठे और अपमानजनक दृश्य के कारण हुए नुकसान के लिए दायर किया गया है। उन्होंने शाहरुख खान, गौरी खान की कंपनी रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट और अन्य पक्षों से 2 करोड़ रुपये मुआवज़े की मांग की है। खास बात यह है कि वानखेड़े ने कहा है कि यह राशि वे टाटा मेमोरियल कैंसर अस्पताल को कैंसर पीड़ितों के इलाज के लिए दान करेंगे।

आरोप: जानबूझकर छवि खराब की गई

वानखेड़े ने आरोप लगाया कि 'द बैड बॉयज़ ऑफ़ बॉलीवुड' जानबूझकर उनकी छवि को खराब करने के उद्देश्य से पक्षपातपूर्ण तरीके से बनाई गई है। उन्होंने यह भी कहा कि सीरीज़ उस समय रिलीज़ हुई जब समीर वानखेड़े और आर्यन खान से जुड़े मामले बॉम्बे हाईकोर्ट और मुंबई की एनडीपीएस स्पेशल कोर्ट में विचाराधीन थे।

आर्यन और वानखेड़े के बीच विवाद की कहानी

2 अक्टूबर 2022 को शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान और अन्य लोगों को मुंबई के एक क्रूज पर चल रही रेव पार्टी से ड्रग्स मामले में गिरफ्तार किया गया था। यह कार्रवाई तत्कालीन एनसीबी मुंबई जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े ने की थी। आर्यन खान के हाई-प्रोफाइल होने के कारण इस मामले ने देशभर में सुर्खियां बटोरी थीं और तभी से शाहरुख खान के परिवार और समीर वानखेड़े के बीच विवाद जारी है।