सचिन तेंदुलकर को लॉर्ड्स में मिला ऐतिहासिक सम्मान, बजाई टेस्ट मैच की घंटी
India News Live,Digital Desk : भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला आज से शुरू हो गया है। लेकिन इस मुकाबले की शुरुआत एक बेहद खास पल के साथ हुई। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर को लंदन के लॉर्ड्स मैदान में सम्मानित किया गया।
मैच की शुरुआत सचिन तेंदुलकर ने परंपरागत घंटी बजाकर की, जो लॉर्ड्स में टेस्ट मैच शुरू होने की एक खास परंपरा है। इस ऐतिहासिक मौके पर उन्हें मेरीलिबोन क्रिकेट क्लब (MCC) की ओर से खास सम्मान मिला।
MCC म्यूजियम में सचिन की पेंटिंग हुई शामिल
तेंदुलकर अब पांचवें भारतीय क्रिकेटर बन गए हैं, जिनकी पेंटिंग लॉर्ड्स के प्रसिद्ध MCC म्यूजियम में लगाई गई है। इससे पहले यह सम्मान मंसूर अली खान पटौदी, कपिल देव, बिशन सिंह बेदी और दिलीप वेंगसरकर को मिल चुका है। इस पेंटिंग को ब्रिटिश आर्टिस्ट स्टुअर्ट पियर्सन राइट ने बनाया है, जो उन्होंने 18 साल पहले सचिन के घर पर खींची एक तस्वीर के आधार पर तैयार की।
पेंटिंग इस साल के अंत तक MCC म्यूजियम में प्रदर्शित रहेगी और इसके बाद इसे लॉर्ड्स के प्रतिष्ठित पवेलियन में स्थापित किया जाएगा।
सचिन ने याद किए अपने क्रिकेट के शुरुआती दिन
I first visited Lord’s as a teenager in 1988, and returned in 1989 with the Star Cricket Club team.
— Sachin Tendulkar (@sachin_rt) July 10, 2025
I remember standing near the pavilion, soaking in the history and dreaming quietly.
Today, to have my portrait unveiled at this very place is a feeling that’s hard to put into… pic.twitter.com/ZC987eH8oZ
इस खास मौके पर तेंदुलकर ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक भावुक पोस्ट भी साझा किया। उन्होंने लिखा:
“यह मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। 1983 में जब भारत ने वर्ल्ड कप जीता था, तब मैंने पहली बार लॉर्ड्स को टीवी पर देखा था। कपिल देव को ट्रॉफी उठाते देख मेरी क्रिकेट यात्रा शुरू हुई थी। आज जब मेरी पेंटिंग लॉर्ड्स के पवेलियन में लगी है, तो लगता है कि मेरी यात्रा पूरी हो गई है। अपने करियर को याद करता हूं तो चेहरे पर मुस्कान आ जाती है। यह पल बेहद खास है।”