June 22 2026 09:36 pm

कतर के PM ने जेडी वेंस को सरेआम किया इग्नोर? मुंह ताकते रह गए शहबाज शरीफ

Post

स्विट्जरलैंड के आलीशान बर्गनस्टॉक रिजॉर्ट (Bürgenstock Resort) में चल रही अमेरिका-ईरान शांति वार्ता से कूटनीतिक गलियारों को हिला देने वाला एक वीडियो सामने आया है. वार्ता के पहले ही दिन कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी (Sheikh Mohammed bin Abdulrahman Al Thani) ने अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस (JD Vance) को कथित तौर पर सरेआम नजरअंदाज (Ignore) कर दिया.

अमेरिका के साथ कतर के बेहद करीबी रणनीतिक रिश्तों और इस पूरी बातचीत में कतर के 'मुख्य मध्यस्थ' (Mediator) होने के नाते इस वाकये ने हर किसी को हैरान कर दिया है. सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कतरी पीएम के इस कदम के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ बेहद असहज होकर जेडी वेंस का मुंह ताकते नजर आ रहे हैं.

जेडी वेंस के बिल्कुल पास से निकले, लेकिन नहीं मिलाया हाथ

सामने आए फुटेज के मुताबिक, यह वाकया बर्गनस्टॉक रिजॉर्ट के रिसेप्शन एरिया का है. कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी जब हॉल में दाखिल हुए, तो वहां अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस कुछ अन्य अमेरिकी अधिकारियों के साथ खड़े थे. कतरी पीएम वेंस से हाथ मिलाने या औपचारिक अभिवादन करने के बजाय उनके बिल्कुल पास से होते हुए सीधे आगे निकल गए.

आगे बढ़कर उन्होंने वहां खड़े पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और पाक सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर से हाथ मिलाया और गर्मजोशी से उन्हें गले लगाया. कतरी पीएम के इस अप्रत्याशित व्यवहार को पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ ने तुरंत नोटिस कर लिया और वह कुछ पलों के लिए स्तब्ध रहकर जेडी वेंस का मुंह ताकने लगे, क्योंकि उन्हें भी समझ नहीं आया कि कतरी पीएम ने अमेरिकी उपराष्ट्रपति को इस तरह क्यों इग्नोर किया.

ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने भी दिखाए कड़े तेवर, फोटो सेशन से किया इनकार

कतर के पीएम के अलावा खुद ईरानी डेलिगेशन ने भी अमेरिकी अधिकारियों को लेकर अपने कड़े तेवर दिखाए. वार्ता की टेबल पर बैठने से पहले ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची और मुख्य वार्ताकार मोहम्मद बागेर गालिबाफ ने अमेरिकी डेलिगेशन के साथ होने वाले पारंपरिक 'जॉइंट फोटो सेशन' (Joint Photo Session) का हिस्सा बनने से साफ इनकार कर दिया.

इसके बाद जब अरागची उस मुख्य बैठक कक्ष में दाखिल हुए जहां अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जारेड कुशनर मौजूद थे, तब उन्होंने भी अमेरिकी नेताओं को पूरी तरह तवज्जो नहीं दी. अरागची ने कमरे में केवल पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ से हाथ मिलाया और थोड़ी ही देर बाद उस कमरे से बाहर निकल गए.

10 हफ्तों बाद एक कमरे में आए अमेरिका और ईरान के शीर्ष नेता

रविवार को करीब 10 हफ्तों के लंबे अंतराल के बाद पहली बार अमेरिका और ईरान के शीर्ष नेता किसी सीधी बातचीत के लिए एक कमरे में आमने-सामने बैठे थे. इससे पहले अप्रैल के महीने में पाकिस्तान के इस्लामाबाद में दोनों देशों के बीच हुई बैठक बेनतीजा रही थी.

स्विट्जरलैंड में हो रही यह हाई-प्रोफाइल बैठक पिछले हफ्ते दोनों देशों द्वारा साइन किए गए ऐतिहासिक 14-सूत्रीय 'इस्लामाबाद मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग' (Islamabad MoU) के तहत पहले दौर की बातचीत का हिस्सा है. इस समझौते के तहत युद्धविराम (Ceasefire) को अगले 60 दिनों के लिए बढ़ाने और एक स्थायी शांति समझौते की रूपरेखा तैयार करने पर काम किया जा रहा है. इस महा-वार्ता के एजेंडे में ईरान के परमाणु कार्यक्रम, उस पर लगे अमेरिकी आर्थिक प्रतिबंधों और लेबनान में इजराइल के हमलों जैसे बेहद संवेदनशील और अंतरराष्ट्रीय स्तर के अहम मुद्दे शामिल हैं.