अब मरीजों को जांच रिपोर्ट मिलेगी सीधे मोबाइल पर: आभा आईडी से जुड़ेगा पूरा हेल्थ रिकॉर्ड
India News Live,Digital Desk : अब मरीजों को अपनी जांच रिपोर्टों के लिए अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उत्तर प्रदेश के सभी जिला चिकित्सालयों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को उनकी जांच रिपोर्टें एसएमएस या व्हाट्सऐप के जरिए सीधे मोबाइल पर भेजी जाएंगी। यह सुविधा "आयुष्मान भारत हेल्थ एकाउंट" (आभा आईडी) के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी अस्पतालों में आभा आईडी आधारित डिजिटल पंजीकरण की व्यवस्था की जा रही है। एक बार पंजीकरण हो जाने पर मरीज की सभी मेडिकल रिपोर्टें आभा आईडी से जुड़ जाएंगी और भविष्य में किसी भी अस्पताल में उनका रिकॉर्ड तुरंत उपलब्ध रहेगा।
स्वास्थ्य विभाग की सचिव रितु माहेश्वरी ने बताया कि अब तक उत्तर प्रदेश में 13.5 करोड़ लोगों की आभा आईडी बन चुकी हैं और करीब 7 करोड़ लोगों के हेल्थ रिकॉर्ड डिजिटल रूप में सुरक्षित हो गए हैं।
अब जब मरीज किसी अस्पताल में जांच करवाएगा, तो रिपोर्ट 24 घंटे के भीतर उसके मोबाइल नंबर पर भेज दी जाएगी। इसके लिए सभी प्रयोगशालाओं के सॉफ्टवेयर को आभा सिस्टम से जोड़ा जा रहा है।
फिलहाल प्रदेश के लगभग 100 अस्पतालों में आभा पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है और करीब 500 अस्पतालों में रिपोर्ट भेजने की डिजिटल व्यवस्था भी शुरू कर दी गई है।
प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (सीएमओ), मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों (सीएमएस), निदेशकों और अन्य स्वास्थ्य अधिकारियों को इस दिशा में तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
इस योजना के तहत सभी अस्पतालों में हेल्थ मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (HMIS) और लैब मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (LMIS) को एकीकृत किया जा रहा है, जिससे मरीज का इलेक्ट्रॉनिक हेल्थ रिकॉर्ड सुरक्षित रह सके।
पंजीकरण के समय मरीज का मोबाइल नंबर दर्ज करना अनिवार्य होगा। इसी नंबर पर रिपोर्ट एसएमएस या व्हाट्सऐप के माध्यम से भेजी जाएगी। सुविधा को सुचारू रूप से लागू करने के लिए अस्पतालों में निर्बाध बिजली, इंटरनेट और आवश्यक मानव संसाधन की व्यवस्था की जा रही है।