इटली की पीएम मेलोनी और ट्रंप ने की मोदी की नेतृत्व क्षमता की सराहना
- by Priyanka Tiwari
- 2025-09-17 15:10:00
India News Live,Digital Desk : इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी हैं। मेलोनी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ एक तस्वीर भी साझा की, जिसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, “भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं। उनकी शक्ति, उनका दृढ़ संकल्प और लाखों लोगों का नेतृत्व करने की उनकी क्षमता प्रेरणा का स्रोत है। मित्रता और सम्मान के साथ, मैं उनके स्वास्थ्य और ऊर्जा की कामना करती हूँ ताकि वे भारत को एक उज्जवल भविष्य की ओर ले जा सकें और हमारे देशों के बीच संबंधों को और मज़बूत कर सकें।”
गौरतलब है कि पीएम मोदी की छवि एक वैश्विक नेता के रूप में स्थापित हो चुकी है। उनकी विदेश नीति ने कई देशों के साथ भारत के संबंधों को मज़बूत किया है। चाहे रूस, चीन या अमेरिका जैसी महाशक्तियाँ हों, सभी पीएम मोदी की नीतियों का लोहा मानते हैं।
ट्रंप ने भी पीएम मोदी को बधाई दी। आज अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। ट्रंप ने अपनी सोशल मीडिया साइट ट्रुथ सोशल पर लिखा, "मेरे मित्र, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ फ़ोन पर बहुत अच्छी बातचीत हुई। मैंने उन्हें जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएँ दीं। वह बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। नरेंद्र, रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने में आपके सहयोग के लिए धन्यवाद! - राष्ट्रपति डीजेटी।" ट्रंप ने पोस्ट पर अपने आद्याक्षर (डोनाल्ड जॉन ट्रंप) लिखे, जिससे बातचीत का व्यक्तिगत और मैत्रीपूर्ण लहजा झलकता है।
उल्लेखनीय है कि 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद से, प्रधानमंत्री मोदी ने कई देशों की यात्राएँ की हैं और भारत को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय पहचान दिलाई है। उनकी विदेश नीति ने दुनिया भर का ध्यान आकर्षित किया है।