यूपी में चाइनीज मांझे से मौत को हत्या माना जाएगा, CM योगी ने पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए
- by Priyanka Tiwari
- 2026-02-05 16:54:00
India News Live,Digital Desk : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चाइनीज मांझे से होने वाले हादसों पर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने पूरे राज्य में चाइनीज मांझे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया और पुलिस अधिकारियों को छापेमारी करके अवैध बिक्री रोकने के आदेश दिए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी व्यक्ति की मौत मांझे से होती है, तो इसे हत्या का मामला माना जाएगा। पूरे अभियान की समीक्षा उच्चतम स्तर पर की जाएगी, ताकि ऐसी जानलेवा घटनाओं को रोका जा सके।
लखनऊ में हालिया मौत
बुलाकी अड्डा स्थित हैदरगंज पुल के पास बुधवार शाम बाइक से जा रहे 33 वर्षीय मोहम्मद शोएब की गर्दन में अचानक मांझा फंस गया। हादसे के तुरंत बाद उन्हें ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शोएब लखनऊ के दुबग्गा क्षेत्र के मछली मंडी निवासी थे और एक निजी कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (MR) के रूप में काम करते थे।
पिछले हादसों का रिकॉर्ड
28 नवंबर 2017: बाजारखाला इलाके में इकराम की गर्दन मांझे से कटी।
12 मई 2018: राम कुमार की गर्दन गोसाईगंज, सुलतानपुर रोड के पास मांझे से घायल।
14 नवंबर 2020: हुसड़िया फ्लाईओवर पर बाराबंकी निवासी लवकुश घायल।
22 जून 2022: कैंट इलाके में युवक के हाथ और गर्दन में चोट।
23 मई 2023: ठाकुरगंज पीर बुखारा इलाके में युवक घायल।
27 मार्च 2024: हजरतगंज कोतवाली के SSI का अंगूठा कट गया।
23 फरवरी 2025: बीबीडी इलाके में बाइक सवार अमन घायल।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पूरा राज्य अभियान के तहत चाइनीज मांझे की जांच और नष्ट करने का कार्य करें, ताकि भविष्य में ऐसी जानलेवा घटनाओं को रोका जा सके।