BREAKING:
August 16 2026 09:36 pm

हैदराबाद में खौफनाक वारदात: शराब की तलब ने उजाड़ा 10 साल का सुखी संसार, पति की डांट से आहत पत्नी ने पंखे से लटककर दी जान...

Post

India News Live,Digital Desk : तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के इसामिया बाजार इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने शराब की लत और घरेलू कलह से तंग आकर मौत को गले लगा लिया। 10 साल पहले जिस घर की नींव बड़े अरमानों से रखी गई थी, वह शराब की चंद बोतलों की भेंट चढ़ गया। बुधवार, 11 मार्च को हुई इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने गुरुवार को मामले का खुलासा करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

शराब की लत बनी काल, पति-पत्नी में होता था विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका इसामिया बाजार में अपने पति के साथ किराए के मकान में रहती थी। बताया जा रहा है कि महिला पिछले कुछ समय से शराब की बेहद शौकीन हो गई थी। उसकी यह आदत धीरे-धीरे लत में बदल गई, जिससे घर की शांति भंग होने लगी। पति अपनी पत्नी की इस लत से परेशान था और उसे रोजाना शराब छोड़ने के लिए समझाता था। बुधवार को भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। पति ने उसे शराब पीने के लिए कड़ी फटकार लगाई, जो महिला को इतनी नागवार गुजरी कि उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।

कमरा अंदर से बंद कर पंखे से झूल गई महिला

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पति की डांट के बाद महिला गुस्से में अपने कमरे में गई और दरवाजा अंदर से लॉक कर लिया। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आई, तो पति ने उसे आवाज दी। अंदर से कोई जवाब न मिलने पर पति को अनहोनी की आशंका हुई। जब दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर का नजारा देख सबके होश उड़ गए। महिला का शव छत के पंखे से फंदे के सहारे लटक रहा था। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने जांच शुरू की।

पिता ने बयां किया 10 साल की शादी का दर्दनाक अंत

मृतका के पिता ने पुलिस में इस मामले की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने भारी मन से बताया कि उनकी बेटी की शादी 10 साल पहले हुई थी और सब कुछ ठीक चल रहा था। लेकिन हाल ही में उसे शराब की लत लग गई थी, जो उसकी मौत का कारण बनी। पिता के अनुसार, दामाद ने बुधवार को फोन कर बताया था कि बेटी कमरा नहीं खोल रही है। जब तक वे लोग कुछ समझ पाते, तब तक उनकी बेटी दुनिया छोड़ चुकी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हर पहलू से तफ्तीश की जा रही है।