GST Council meeting : क्या सस्ता होगा और क्या महंगा? जानिए पूरी खबर
India News Live,Digital Desk : जीएसटी काउंसिल की 56वीं बैठक आज से शुरू हो गई है और इस बैठक के तहत लिए गए फैसलों की घोषणा कल होगी, जिसका कंपनियों से लेकर आम आदमी तक सभी को बेसब्री से इंतज़ार है। क्योंकि 15 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से एक बड़ा ऐलान करते हुए दिवाली पर नए जीएसटी सुधार लाने की बात कही थी। इस ऐलान के बाद जीएसटी काउंसिल की यह पहली बैठक है।
जीएसटी परिषद की इस बैठक में कई बड़े ऐलान हो सकते हैं। इसके अलावा, दिवाली पर लागू होने वाले नए जीएसटी सुधारों के तहत दो टैक्स स्लैब और आम आदमी से जुड़ी वस्तुओं को सस्ता करने की अनुमति मिल सकती है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी कहा है कि इस दो दिवसीय बैठक में दरों को तर्कसंगत बनाने के मुद्दे पर चर्चा होने की उम्मीद है, जिसमें दैनिक उपयोग के साथ-साथ महंगी वस्तुओं को भी सस्ता किया जाएगा।
2 स्लैब बनाने पर होगी चर्चा
केंद्र के प्रस्ताव के मुताबिक, अब जीएसटी के सिर्फ़ दो स्लैब हो सकते हैं। इसमें, हानिकारक वस्तुओं को छोड़कर, 28 प्रतिशत वाले स्लैब में आने वाली सभी वस्तुओं को 18 प्रतिशत वाले स्लैब में और 12 प्रतिशत वाले स्लैब में आने वाली वस्तुओं को 5 प्रतिशत वाले स्लैब में शामिल किया जा सकता है। इसके अलावा, 40 प्रतिशत का एक और स्लैब होगा, जो 6-7 वस्तुओं पर लगाया जाएगा, जिनमें से ज़्यादातर हानिकारक और विलासिता वाली वस्तुएँ होंगी।
175 चीजें सस्ती हो सकती हैं
मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि खाद्य पदार्थ, मेवे, नमकीन, रेडीमेड खाद्य पदार्थ, जैम, घी, मक्खन, अचार, जैम, चटनी, ऑटोमोबाइल, ट्रैक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स, एसी, रेफ्रिजरेटर आदि समेत करीब 175 वस्तुओं पर जीएसटी दरें कम की जा सकती हैं।
सूत्रों का कहना है कि यदि जीएसटी परिषद मंत्रिसमूह (जीओएम) के दर में कमी के प्रस्ताव को स्वीकार कर लेती है तो सभी वस्तुओं पर औसत जीएसटी दर, जो वर्तमान में लगभग 11.5 प्रतिशत है, घटकर 10 प्रतिशत से नीचे आ जाएगी।