एम्स गोरखपुर में खून और पेशाब की जांच शुरू, ₹200 तक की बायोकेमिस्ट्री जांचें अब मुफ्त
- by Priyanka Tiwari
- 2025-12-11 16:14:00
India News Live,Digital Desk : एम्स गोरखपुर में बुधवार से खून और पेशाब की जांच दोबारा शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही बायोकेमिस्ट्री विभाग की वे सभी जांचें, जिनकी फीस 200 रुपये तक होती थी, अब मरीजों के लिए बिल्कुल मुफ्त कर दी गई हैं। पहले की तरह खून और पेशाब के नमूने भूतल पर बने कमरा नंबर 25 में ही लिए जा रहे हैं। दो दिन बाद मरीज अपनी रिपोर्ट ओपीडी की पहली या दूसरी मंजिल से प्राप्त कर सकेंगे।
कार्यकारी निदेशक मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) डॉ. विभा दत्ता ने मरीजों को बेहतर सुविधा देने के उद्देश्य से डॉक्टरों की सलाह पर ये सेवाएं शुरू कराने का फैसला लिया। सभी जरूरी उपकरण मंगवाए गए और बुधवार से जांच सुचारू रूप से शुरू कर दी गई।
कमरा नंबर 25 के बाहर बनाए गए तीन काउंटर
जांच लिखे जाने पर मरीज को 34 नंबर काउंटर या ओपीडी की पहली व दूसरी मंजिल पर स्थित काउंटर पर जाकर बिल बनवाना होगा। यदि जांच मुफ्त की श्रेणी में आती है, तो कोई शुल्क नहीं देना होगा। इसके बाद मरीज कमरा नंबर 25 के बाहर बने तीन काउंटरों पर पहुंचेगा, जहां जांच संबंधी कंटेनर और पर्चे की स्कैनिंग की सुविधा उपलब्ध है।
कंटेनर मिलने के बाद मरीज कमरे के अंदर जाकर अपना सैंपल दे सकता है। यदि डॉक्टर ने तुरंत रिपोर्ट की मांग की है, तो कुछ ही घंटों के भीतर परिणाम उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
मरीजों ने दी कार्यकारी निदेशक को धन्यवाद
जांचें मुफ्त होने के कारण बुधवार को आए मरीजों को काफी राहत मिली। कुछ मरीजों की सभी जांचें बिना किसी शुल्क के हो गईं। कई मरीजों और उनके परिजनों ने डॉ. विभा दत्ता के इस निर्णय की सराहना की और कहा कि मरीज हित के लिए उनकी सकारात्मक सोच का यह नतीजा है।
डॉ. दत्ता का कहना है कि एम्स का उद्देश्य मरीजों को सर्वोत्तम और सुलभ उपचार देना है। फिलहाल 200 रुपये तक की जांचें मुफ्त की गई हैं, जबकि दो अन्य विभागों की जांचों के लिए शुल्क लिया जा रहा है, जिनके रेट भविष्य में कम किए जाने की योजना है।