लखनऊ में समाजवादी छात्र सभा का प्रदर्शन, पुलिस से हुई झड़प
- by Priyanka Tiwari
- 2025-09-03 17:35:00
India News Live,Digital Desk : लखनऊ में बुधवार को समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने राजभवन घेराव की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें पहले ही रोक लिया। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग हटाकर आगे बढ़ने का प्रयास किया, जिस पर पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए कार्यकर्ताओं को बसों में बैठाकर हिरासत में ले लिया।
कुछ कार्यकर्ता बसों की छतों पर चढ़ गए, जबकि कई खिड़कियों से बाहर निकलकर पुलिस और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। इस दौरान पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर बहस और धक्का-मुक्की हुई।
इसी बीच, भाजपा विधायक केतकी सिंह के गुलिस्तां स्थित आवास पर कुछ महिला सपाई कार्यकर्ता भी विरोध जताने पहुंचीं। पुलिस ने उन्हें वहां से हटाकर आलमबाग के ईको गार्डन भेज दिया।
कलेक्ट्रेट पर भी सैकड़ों सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। वे ‘यूरिया चोर, गद्दी छोड़’ जैसे नारों वाली तख्तियां लेकर सरकार की नीतियों का विरोध कर रहे थे। राजभवन जाने से पहले इन कार्यकर्ताओं को भी ईको गार्डन भेजा गया।
प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा राम स्वरूप विश्वविद्यालय में हुए लाठीचार्ज का विरोध था। सपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि पुलिस द्वारा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के छात्रों पर किया गया लाठीचार्ज पूरी तरह निंदनीय है और वे इस मामले में छात्रों के साथ खड़े हैं।
प्रदर्शनकारियों का यह भी आरोप है कि विश्वविद्यालय में दी जाने वाली एलएलबी डिग्री मान्यता प्राप्त नहीं है और छात्रों पर मनमाने तरीके से 500 रुपये का जुर्माना लगाया जा रहा है।
सपा कार्यकर्ता अमरेंद्र और राहुल का कहना है कि जरूरत पड़ी तो वे दिल्ली तक संघर्ष करेंगे। उनका आरोप है कि सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए छात्रों पर अत्याचार कर रही है।