सीएम योगी ने लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर का किया शिलान्यास, सपा-कांग्रेस पर जमकर बरसे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने बाराबंकी दौरे के दौरान जनपदवासियों को 542 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 82 विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। दरियाबाद और रामनगर विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी इन परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के बाद एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने विकास और विरासत के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को जमकर निशाने पर लिया।
लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर की सौगात और विपक्ष पर प्रहार
कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आजादी के बाद जो बजटीय सहायता कब्रिस्तान की बाउंड्री वॉल के लिए दी गई, वह लोधेश्वर महादेव मंदिर, पारिजात वृक्ष या महान हॉकी खिलाड़ी केडी सिंह बाबू की हवेली के संरक्षण के लिए नहीं मिली। उन्होंने सपा और कांग्रेस को विरासत विरोधी बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार अब लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर के जरिए इस पवित्र धाम का कायाकल्प कर रही है।
जनता दर्शन में सुनीं जनसमस्याएं, लापरवाह अफसरों पर सख्ती
बाराबंकी रवाना होने से पूर्व मुख्यमंत्री ने लखनऊ स्थित अपने आवास पर 'जनता दर्शन' आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। पुलिस और राजस्व विभाग के मामलों में देरी पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सीएम ने अफसरों को समयबद्ध निस्तारण की चेतावनी दी। जनता दर्शन में आए बच्चों को दुलारकर चॉकलेट दी और उनसे मन लगाकर पढ़ाई करने को कहा।
खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी का आश्वासन
जनता दर्शन में पहुंचे युवा खिलाड़ियों से संवाद करते हुए सीएम योगी ने उन्हें कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार पदक विजेता खिलाड़ियों को सीधे डिप्टी एसपी और तहसीलदार जैसे उच्च पदों पर नौकरियां दे रही है। खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करें, सरकार उनकी हर संभव मदद और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है।