प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर कौशल महोत्सव का अंतिम दिन बारिश की भेंट चढ़ा
- by Priyanka Tiwari
- 2025-09-17 16:39:00
India News Live,Digital Desk : लखनऊ के कॉल्विन तालुकेदार्स कॉलेज में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय कौशल महोत्सव (रोजगार मेला) का दूसरा और आखिरी दिन बुधवार को अचानक हुई तेज बारिश के कारण प्रभावित हो गया। दोपहर के समय मौसम अचानक बदल गया और घने बादलों, तेज बारिश व कड़कती बिजली ने मेले की सारी तैयारियों पर पानी फेर दिया। इसी कारण आज के सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए।
इस मेले का आयोजन कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय की ओर से किया गया था। कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्यमंत्री जयंत चौधरी को युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरण करना था। इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की कई कंपनियों ने युवाओं को नौकरी के अवसर प्रदान किए थे।
मौसम की वजह से कार्यक्रम स्थल पर जलभराव हो गया और कार्यक्रम को स्थगित करना पड़ा। वहीं, मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से पहले ही सूचना आ गई थी कि मुख्यमंत्री आज के कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे।