Healthy women, strong families : पोषण माह का प्रदेश में भव्य शुभारंभ

Post

India News Live,Digital Desk : अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर, केजीएमयू में बुधवार को “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार और राष्ट्रीय पोषण माह” का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के इंदौर से वर्चुअली और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से किया।

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाल विकास और पुष्टाहार विभाग के स्टॉल का दौरा किया। उन्होंने महिलाओं से बातचीत की, बच्चों को गोद में उठाकर दुलारा और माथे पर टीका व दही खिलाकर पोषण माह का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने माताओं को फलों की टोकरी भेंट की और स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल का निरीक्षण भी किया।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने स्वास्थ्य और स्वदेशी के महत्व पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आज 75 वर्ष के हो गए हैं, लेकिन उनकी मेहनत और जोश को पचास साल का कोई भी व्यक्ति नहीं पा सकता। मौर्य ने टेक होम राशन प्लांट की तारीफ करते हुए कहा कि किसानों और महिलाओं के लिए यह योजना बेहद लाभकारी साबित हो रही है।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि उनकी 11 साल की सेवा ने देश में अपार बदलाव लाया है। उन्होंने प्रदेश की महिलाओं से आह्वान किया कि वे शिविरों में जाकर नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच और दवाइयां अवश्य लें। पाठक ने निरोगी काया के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि हर व्यक्ति को दिन में 40-50 मिनट व्यायाम करना चाहिए।

महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य ने बताया कि प्रधानमंत्री के निर्देशों के अनुसार इंदौर से शुरू किए गए कार्यों को लागू किया जाएगा। उन्होंने अकांक्षी योजना के तहत कौशांबी और मदनपुर विकास खंड के सफल प्रदर्शन का उदाहरण भी साझा किया।

राज्य मंत्री चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि प्रदेश में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक 20,324 स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में महिलाओं की नि:शुल्क जांच और मुफ्त दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी। आज 432 रक्तदान शिविर भी आयोजित किए गए हैं। सिंह ने बताया कि प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या पहले 17 थी, जो अब बढ़कर 81 हो गई है।

रक्तदाताओं को सम्मान:

मेरठ: दीपक कुमार पंधाल – 232 बार रक्तदान

वाराणसी: राजेश कुमार गुप्ता – 108 बार रक्तदान

लखनऊ: प्रीत पाल सिंह – 150 बार रक्तदान

मुजफ्फरनगर: सीमा सिंह – 28 बार रक्तदान

यह अभियान महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर ध्यान देने के लिए एक मजबूत संदेश देता है।