June 20 2026 05:49 am

अब यूट्यूब पर वीडियो देखने की जरूरत नहीं! AI बताएगा वीडियो का सार, बदल जाएगी सर्च की दुनिया

Post

India News Live,Digital Desk : गूगल अब यूट्यूब पर जनरेटिव एआई तकनीक को ला रहा है, जो वीडियो देखने और सर्च करने का तरीका पूरी तरह बदल सकता है। इस नए फीचर के तहत हर वीडियो के साथ एक एआई द्वारा तैयार किया गया संक्षिप्त सारांश (AI Summary) मिलेगा। फिलहाल यह सुविधा केवल यूट्यूब प्रीमियम यूजर्स के लिए उपलब्ध है। सारांश वीडियो की मुख्य बातों को उजागर करता है और वीडियो थंबनेल पर टैप करते ही वह उसी बिंदु से शुरू हो जाएगा।

इस फीचर का मकसद है – बिना वीडियो खोले ही उपयोगकर्ताओं को उनके सवालों का तेज और सटीक जवाब देना। हालांकि, यह एक ऑप्ट-इन सुविधा है, यानी प्रीमियम यूजर्स को यूट्यूब की एक्सपेरिमेंटल सेटिंग्स में जाकर इसे मैन्युअली ऑन करना होगा।

जल्द ही आम यूजर्स को भी मिलेगा फायदा
यूट्यूब के अनुसार भविष्य में यह फीचर अमेरिका में कुछ नॉन-प्रीमियम यूजर्स को भी दिया जाएगा। वर्तमान में प्रीमियम यूजर्स इस सुविधा का उपयोग एजुकेशनल वीडियो से महत्वपूर्ण जानकारी निकालने, क्विज लेने और सुझाव पाने के लिए कर रहे हैं।

क्या इससे क्रिएटर्स को नुकसान होगा?
इस बदलाव का बड़ा असर कंटेंट क्रिएटर्स पर भी पड़ सकता है। अगर लोग सिर्फ एआई-सारांश पढ़कर ही संतुष्ट हो जाएं और पूरा वीडियो न देखें, तो व्यू, कमेंट और सब्सक्राइबर कम हो सकते हैं। इससे यूट्यूब चैनल की ग्रोथ और क्रिएटर्स की कमाई दोनों पर असर पड़ेगा।

ऐसी स्थिति पहले वेब सर्च में देखी जा चुकी है, जहां चैटजीपीटी और गूगल जेमिनी जैसे एआई टूल्स ने पारंपरिक सर्च इंजन की जगह ले ली है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इससे न्यूज और ब्लॉग साइट्स की ट्रैफिक में 96% तक की गिरावट देखी गई है।

गूगल सर्च प्रमुख एलिजाबेथ रीड का कहना है कि जहां एआई ओवरव्यू दिखता है, वहां यूजर क्वालिटी कंटेंट तक पहुंचते हैं और ज्यादा समय बिताते हैं। लेकिन यूट्यूब पर मामला अलग हो सकता है, क्योंकि वीडियो का सारांश पहले ही बता देने से यूजर पूरा वीडियो देखने से बच सकते हैं।

AI से शॉर्ट्स का भी कायाकल्प होगा
इसके अलावा यूट्यूब अपने नए AI वीडियो जेनरेशन मॉडल VO3 को शॉर्ट्स में लाने की योजना बना रहा है। यह मॉडल उच्च गुणवत्ता वाले सिनेमैटिक वीडियो, डायलॉग और साउंड के साथ शॉर्ट्स बना सकता है। रिपोर्ट्स बताती हैं कि इसे यूट्यूब की 20 बिलियन वीडियो की लाइब्रेरी से चुनिंदा क्लिप्स पर ट्रेन किया गया है।