Three-tier panchayat elections : मतदाता सूची में 64 हजार से अधिक की शुद्ध वृद्धि
India News Live,Digital Desk : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर चलाए गए वृहद पुनरीक्षण अभियान के तहत अनंतिम मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियों की समय सीमा मंगलवार को समाप्त हो गई। इस दौरान कुल 36,850 लोग मतदाता बनने के लिए आवेदन करने के साथ-साथ 6,157 लोगों ने अपने नाम हटाने के लिए आवेदन किया।
मतदाता बनने के लिए सबसे अधिक आवेदन बांसगांव से 13,710 और गोला तहसील क्षेत्र से 9,628 आए हैं। अब इन आवेदनों की जांच की जाएगी और जो लोग पात्र पाए जाएंगे, उनका नाम अंतिम मतदाता सूची में दर्ज कर दिया जाएगा।
तय कार्यक्रम
31 दिसंबर 2025 से 6 जनवरी 2026: दावे और आपत्तियों का निस्तारण
7 से 12 जनवरी 2026: संशोधित हस्तलिखित पाण्डुलिपियों को सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय में जमा करना
13 से 29 जनवरी 2026: पूरक सूचियों का कम्प्यूटरीकरण और मूल मतदाता सूची में समावेश
30 जनवरी से 5 फरवरी 2026: मतदान केंद्रों का क्रमांकन, वार्ड मैपिंग, मतदाता क्रमांकन, मतदाता सूची डाउनलोडिंग और फोटो प्रतियां
6 फरवरी 2026: पंचायत निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन
मतदाता सूची में वृद्धि
जनपद की पंचायतों में पहले कुल 29,23,715 मतदाता दर्ज थे, जो पुनरीक्षण अभियान के दौरान बढ़कर 29,88,530 हो गए। अभियान के दौरान 4,58,235 नए मतदाता जुड़े, जबकि 3,93,420 पुराने नाम हटाए गए। इस प्रकार शुद्ध वृद्धि 64,815 मतदाताओं की हुई है।
अब दावे और आपत्तियों की जांच के बाद, जो आवेदन पात्र पाए जाएंगे, उनके नाम अंतिम मतदाता सूची में दर्ज किए जाएंगे।