BREAKING:
July 29 2026 04:43 pm

NEET पेपर लीक: 'छात्रों से आतंकवादियों जैसा सलूक', लोकसभा में सरकार पर जमकर बरसे चंद्रशेखर आजाद

Post

संसद में मंगलवार (28 जुलाई 2026) को 'पब्लिक एग्जामिनेशंस (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) संशोधन विधेयक, 2026' पर चर्चा के दौरान नीट (NEET) पेपर लीक का मुद्दा जोर-शोर से गूंजा। नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने छात्र आंदोलन और पुलिस की कार्रवाई को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने देश भर में लगातार हो रहे पेपर लीक से छात्रों के भविष्य पर मंडरा रहे खतरे को सदन के पटल पर बेबाकी से रखा।

'जनरल डायर की तरह नहीं चलीं गोलियां, बाकी सब हुआ'

सदन को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर जिस तरह की पुलिसिया कार्रवाई हुई, वह अकल्पनीय है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार ने बस 'जनरल डायर' की तरह गोलियां नहीं चलवाईं, बाकी सब कुछ किया। छात्रों पर लाठियां भांजी गईं, आंसू गैस के गोले दागे गए, पेलेट गन का इस्तेमाल हुआ और बिहार में तो एके-47 तक का खौफ दिखाकर करंट लगाया गया। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो सरकार अपने ही देश के मासूम छात्रों से नहीं, बल्कि आतंकवादियों से लड़ रही हो।

शहीद भगत सिंह का जिक्र कर पीएम मोदी से की भावुक अपील

आजाद ने इस पूरी घटना की तुलना स्वतंत्रता संग्राम के दौरान शहीद-ए-आजम भगत सिंह की भूख हड़ताल से की। उन्होंने याद दिलाया कि जब अंग्रेजों से पानी मांगा गया था तो उन्होंने दूध दिया था, लेकिन आज के निजाम में छात्रों को पानी के बदले लाठियां मिल रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से एक बेहद भावुक अपील की। आजाद ने कहा कि जिन छात्रों ने पेपर लीक से हताश होकर आत्महत्या की है, प्रधानमंत्री को उनके परिजनों को बुलाकर सांत्वना देनी चाहिए और उनका दुख बांटना चाहिए।

आधार और बायोमेट्रिक जांच के बाद भी पेपर लीक क्यों?

आज के छात्रों की मनोदशा का वर्णन करते हुए सांसद ने कहा कि युवा अब किताबों से ज्यादा मोबाइल के नोटिफिकेशन से डरता है कि कहीं फिर से परीक्षा रद्द होने की खबर न आ जाए। उन्होंने सरकारी व्यवस्था पर कड़ा प्रहार करते हुए पूछा कि जब छात्रों की पहचान के लिए आधार, बायोमेट्रिक और कई स्तर की सख्त जांच होती है, तो फिर लाखों छात्रों का भविष्य तय करने वाला प्रश्न पत्र सुरक्षित क्यों नहीं रह पाता? आखिर NEET, UGC NET, CUET, JEE, यूपी पुलिस कांस्टेबल, यूपीपीसीएस और UPTET जैसी बड़ी परीक्षाओं के पेपर बार-बार लीक कैसे हो जाते हैं।