एलपीजी सब्सिडी रुक रही है? जानिए कारण और समाधान

Post

India News Live,Digital Desk : आजकल लगभग हर सरकारी योजना के लिए आधार कार्ड ज़रूरी है। अगर आपने अभी तक अपने आधार को एलपीजी कनेक्शन से लिंक नहीं किया है, तो आपको गैस सब्सिडी का लाभ नहीं मिलेगा। इसलिए, आधार को एलपीजी कनेक्शन से लिंक करना ज़रूरी है। इसके तरीके बेहद आसान हैं। आप यह काम घर बैठे ऑनलाइन या ऑफलाइन कर सकते हैं।

आज हम आपको बताएंगे कि गैस कनेक्शन पर सब्सिडी कैसे मिलती है और किसे मिलती है। साथ ही, हम यह भी जानेंगे कि किसे सब्सिडी नहीं मिलती और किन कारणों से कभी-कभी सब्सिडी का पैसा अटक सकता है।

एलपीजी सब्सिडी क्या है और कितनी मिलती है?

घरेलू गैस पर सब्सिडी सरकार द्वारा सीधे ग्राहक के आधार से जुड़े बैंक खाते में भेजी जाती है।

नियमित एलपीजी कनेक्शन वाले लोगों को प्रति सिलेंडर लगभग 79 रुपये की सब्सिडी मिलती है।

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत सब्सिडी राशि 300 रुपये तक है।

सब्सिडी का लाभ एक वर्ष में अधिकतम 12 सिलेंडरों पर मिलता है। लेकिन यह केवल उन्हीं ग्राहकों को मिलता है जिनकी पारिवारिक आय (पति-पत्नी सहित) 10 लाख रुपये से कम है।

एलपीजी सब्सिडी किसे नहीं मिलती?

सरकार ने 2015 में "गिव इट अप" अभियान शुरू किया था, जिसमें आर्थिक रूप से सक्षम लोगों से स्वेच्छा से सब्सिडी छोड़ने की अपील की गई थी। इसके बाद 2016 में यह नियम बनाया गया कि जिनके परिवार की वार्षिक आय 10 लाख रुपये से ज़्यादा है, उन्हें सब्सिडी नहीं मिलेगी।

इन कारणों से रुक सकती है LPG सब्सिडी का पैसा

अक्सर लोग गैस बुकिंग कराते हैं और फिर खाते में सब्सिडी आने का इंतज़ार करते हैं। लेकिन कई बार सब्सिडी का पैसा अचानक आना बंद हो जाता है। इसके कई कारण हो सकते हैं:

  • यदि आपका आधार एलपीजी कनेक्शन और बैंक खाते से लिंक नहीं है या ई-केवाईसी पूरी नहीं है।
  • यदि आपका बैंक खाता निष्क्रिय या बंद है।
  • यदि आपका एलपीजी कनेक्शन लंबे समय से उपयोग में नहीं आया है और निष्क्रिय हो गया है।
  • LPG कनेक्शन को आधार से कैसे लिंक करें, ये है ऑनलाइन तरीका

आप आसानी से एलपीजी को आधार से ऑनलाइन लिंक कर सकते हैं। इसके लिए https://rasf.uidai.gov.in/seeding/User/ResidentSelfSeedingpds.aspx पर जाएं। यहां एलपीजी कंपनी (इंडेन, भारत गैस या एचपी गैस) चुनें, वितरक और ग्राहक संख्या दर्ज करें, फिर आधार नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज करें। ओटीपी से वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद, आपको अपने मोबाइल और ईमेल पर एक कन्फर्मेशन मिलेगा।

एलपीजी कनेक्शन को आधार से जोड़ने की ऑफलाइन विधि

यदि ऑनलाइन कोई समस्या है, तो आप सीधे अपने एलपीजी वितरक के कार्यालय में जाकर आधार कार्ड और गैस कनेक्शन का विवरण जमा कर सकते हैं।

अगर आप चाहते हैं कि सिलेंडर बुकिंग के बाद हर बार सब्सिडी आपके बैंक खाते में आती रहे तो आधार लिंक और ई-केवाईसी पूरी रखें, बैंक खाता चालू होना चाहिए और एलपीजी कनेक्शन भी चालू होना चाहिए।