घर में स्टोर रूम बना रहा है समस्याओं की जड़? जानें सही दिशा और वास्तु के उपाय

Post

India News Live,Digital Desk : घर में हर कमरा अपनी जगह खास होता है—फिर चाहे वो बेडरूम हो, किचन या पूजा घर। लेकिन अक्सर लोग एक जगह को नजरअंदाज कर देते हैं, और वो है स्टोर रूम। भले ही इसका इस्तेमाल रोज़ न होता हो, लेकिन इसके स्थान, सफाई और सजावट का घर की ऊर्जा पर गहरा असर पड़ता है।

वास्तु शास्त्र के अनुसार, अगर स्टोर रूम को गलत दिशा में बनाया गया है, या वह अस्त-व्यस्त और गंदा है, तो वहां नकारात्मक ऊर्जा का वास होने लगता है। इसका असर सीधे-सीधे आपके करियर, पारिवारिक रिश्तों, मानसिक स्थिति और आर्थिक स्थिति पर पड़ सकता है।

स्टोर रूम की सही दिशा क्या होनी चाहिए?

अगर आप घर बना रहे हैं या रेनोवेशन करवा रहे हैं, तो ध्यान रखें कि स्टोर रूम दक्षिण-पश्चिम (South-West) या उत्तर-पश्चिम (North-West) दिशा में होना चाहिए। ये दिशाएं स्थिरता और सामंजस्य का प्रतीक मानी जाती हैं। वहीं स्टोर रूम को उत्तर या पूर्व दिशा में बनाना वास्तु के अनुसार गलत है, क्योंकि इससे घर में ऊर्जा का संतुलन बिगड़ता है।

खिड़कियों की भूमिका

स्टोर रूम में अगर खिड़की नहीं है, तो वहां सीलन और बदबू की समस्या बनी रह सकती है। कोशिश करें कि पूर्व या पश्चिम दिशा में एक-एक खिड़की जरूर हो। इससे प्राकृतिक रोशनी और ताज़ा हवा आती है, जो कि बैक्टीरिया और फंगस जैसी समस्याओं से बचाती है।

स्टोर रूम को रखें साफ और व्यवस्थित

अक्सर स्टोर रूम में सामान बेतरतीब फेंका जाता है। लेकिन ये आदत बदलनी चाहिए। यहां आप एक अलमारी या शेल्फ लगाकर पुराने या कम उपयोग में आने वाले सामान को व्यवस्थित तरीके से रखें। इससे नकारात्मक ऊर्जा कम होगी और स्थान का सही उपयोग होगा।

सकारात्मक ऊर्जा के लिए छोटे उपाय

इस कमरे में भगवान विष्णु की मूर्ति, त्रिशूल या स्वास्तिक का चिह्न लगाने से सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है। लेकिन ध्यान रहे, इस जगह को कभी भी सोने के लिए इस्तेमाल न करें और यहां अनावश्यक सामान जमा न करें।

स्टोर रूम छोटा भले ही हो, लेकिन अगर सही दिशा, सफाई और सजावट के साथ तैयार किया जाए तो यह आपके घर की सुख-शांति बनाए रखने में बड़ी भूमिका निभा सकता है।