ई-बसों में किराया चोरी का पर्दाफाश, 43 परिचालक सेवा से बाहर
- by Priyanka Tiwari
- 2025-08-21 17:37:00
India News Live,Digital Desk : कानपुर की ई-बस सेवाओं में बड़े घोटाले का खुलासा हुआ है। परिचालकों द्वारा यात्रियों से किराया लेकर टिकट न देने की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। इस पर नगर निगम के कंट्रोल रूम से तीन महीने तक लाइव निगरानी की गई। जांच में सामने आया कि 43 परिचालक लगातार यात्रियों से पैसा लेकर टिकट नहीं दे रहे थे।
सबसे ज्यादा मामले आईआईटी से रामादेवी, घाटमपुर, बिंदकी और उन्नाव रूट पर पाए गए। रिपोर्ट आने के बाद कानपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (KCTSL) के मुख्य संचालन अधिकारी रजनीश राजपूत ने सेवा प्रदाता कंपनी एसएस इंटरप्राइजेज के प्रबंध निदेशक को पत्र लिखकर इन सभी परिचालकों को तुरंत रूट से हटाने और उनकी सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए।
फिलहाल जिले में कुल 100 में से 80 ई-बसें संचालित हो रही हैं, जो हर दिन लगभग 11 हजार यात्रियों को सफर कराती हैं। अनुमान है कि प्रतिदिन साढ़े चार लाख रुपये की आय होनी चाहिए, लेकिन परिचालकों की धांधली की वजह से केवल तीन लाख रुपये ही जमा हो रहे थे। यानी रोजाना एक से डेढ़ लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा था।
निगरानी के दौरान यह भी पाया गया कि अलग-अलग रूटों पर 40 फेरों में 667 यात्रियों से किराया लेकर उन्हें टिकट नहीं दिया गया। अब दोषी परिचालकों पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है ताकि भविष्य में राजस्व की चोरी रोकी जा सके।