कर्नाटक में सियासी तनातनी पर ब्रेक? सिद्धरमैया–डीके शिवकुमार की ब्रेकफास्ट मीटिंग से दिखा सुलह का संदेश
- by Priyanka Tiwari
- 2025-11-29 18:23:00
India News Live,Digital Desk : कर्नाटक में पिछले एक हफ्ते से चल रही राजनीतिक खींचतान अब थमती नज़र आ रही है। शनिवार सुबह मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार एक साथ नाश्ता करते दिखाई दिए। अंदर की स्थिति क्या है ये तो साफ नहीं है, लेकिन बाहर की तस्वीर से यही संदेश देने की कोशिश हो रही है कि सब ठीक है।
नाश्ते के बाद डीके शिवकुमार ने कहा कि वे और मुख्यमंत्री जो भी संदेश देना चाहते थे, वह सभी पार्टी नेताओं तक पहुंचा दिया गया है। उन्होंने कहा, “हम उस पर कायम हैं। कई अहम मुद्दे हैं—खासतौर पर सिंचाई और शहरी विकास से जुड़े। मुझे दिल्ली जाना है और केंद्रीय मंत्रियों से समय भी तय करना है, अचानक जाना संभव नहीं।”
उन्होंने आगे कहा कि वे और मुख्यमंत्री एक सर्वदलीय बैठक चाहते थे, ताकि गन्ना, मक्का और अन्य मसलों पर सभी पार्टियों का एक प्रतिनिधिमंडल मिलकर कदम उठाए।
“हम पार्टी के वफादार सिपाही हैं”—डीके शिवकुमार
ब्रेकफास्ट मीटिंग के बाद डिप्टी सीएम ने साफ कहा, “नेतृत्व को लेकर हमारा फैसला पार्टी हाईकमान ही है। हम हमेशा वफादार कार्यकर्ता रहे हैं। देश में पार्टी कठिन दौर से गुजर रही है लेकिन हमें भरोसा है कि कर्नाटक बड़ी भूमिका निभाएगा। हम 2028 में फिर सरकार बनाएंगे और 2029 में भी पार्टी को मजबूत करेंगे।”
विपक्ष से निपटने की तैयारी भी शुरू
डीके शिवकुमार ने बताया कि दोनों नेताओं ने अगले विधानसभा चुनावों की रणनीतियों पर भी बात की। उन्होंने कहा, “कर्नाटक की जनता ने हमें बहुत भरोसा दिया है। वादों को पूरा करना हमारी ज़िम्मेदारी है। विपक्ष कई मुद्दे उठाने की कोशिश करेगा, लेकिन हम जवाब देने के लिए तैयार हैं।”