BREAKING:
August 23 2026 03:49 am

सॉफ्टवेयर अपडेट से लीक हुए Apple के राज! फोल्डेबल iPhone और OLED MacBook समेत इन 10 नए डिवाइस का हुआ खुलासा

Post

एप्पल (Apple) के आगामी प्रोडक्ट्स को लेकर एक बड़ी तकनीकी चूक सामने आई है। कंपनी के नवीनतम सॉफ्टवेयर अपडेट में मिले कोडिंग संकेतों के जरिए उसके कई अनघोषित प्रोडक्ट्स की जानकारी लीक हो गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस लीक में आने वाली iPhone 18 Pro सीरीज, एप्पल के पहले फोल्डेबल iPhone, इंफ्रारेड कैमरों वाले नए AirPods और स्मार्ट होम हब समेत 10 से अधिक आगामी डिवाइसों के संकेत मिले हैं।

सॉफ्टवेयर कोड से सामने आए बड़े खुलासे

मैकरूमर्स (MacRumors) की रिपोर्ट के मुताबिक, macOS 26.7 रिलीज़ कैंडिडेट के कोड में एप्पल के उन आगामी प्रोजेक्ट्स का जिक्र मिला है, जिन्हें अभी आधिकारिक तौर पर लॉन्च नहीं किया गया है। यह लीक ऐसे समय पर सामने आया है जब एप्पल का बहुप्रतीक्षित सितंबर लॉन्च इवेंट बेहद करीब है, जहां कंपनी नई जनरेशन के आईफोन और वॉच से पर्दा उठाने वाली है। लीक हुई सूची में एप्पल के पहले फोल्डेबल आईफोन का जिक्र सबसे खास माना जा रहा है, जिस पर कंपनी पिछले कई वर्षों से काम कर रही है।

iPhone 18 Pro और फोल्डेबल फोन पर टिकी निगाहें

आगामी iPhone 18 Pro मॉडल में 6.3 इंच और 6.9 इंच की डिस्प्ले के साथ बेहतर बैटरी लाइफ और डिस्प्ले ब्राइटनेस मिलने की उम्मीद है। चर्चा है कि एप्पल इसमें डायनेमिक आइलैंड के आकार को करीब 35% तक कम कर सकता है और इसे TSMC की एडवांस्ड 2nm प्रोसेस पर आधारित A20 चिप से लैस कर सकता है। इसके अलावा, फोल्डेबल आईफोन का इंतजार कर रहे यूजर्स के लिए यह बड़ी खुशखबरी हो सकती है। एयरपॉड्स की अगली पीढ़ी में 'विजुअल इंटेलिजेंस' के लिए इंफ्रारेड कैमरे दिए जाने की संभावना है, जो यूजर के परिवेश के साथ नए तरीके से इंटरैक्ट करेंगे।

अन्य गैजेट्स और भविष्‍य के प्रोडक्ट्स

सितंबर इवेंट के अलावा एप्पल के रोडमैप में कई अन्य बड़े उत्पाद भी शामिल हैं। कंपनी नए Apple TV 4K, होमपॉड मिनी, और एक नए स्मार्ट होम हब 'HomePad' पर काम कर रही है। स्मार्टवॉच प्रेमियों के लिए Apple Watch Series 12 और Ultra 4 लाए जाने की तैयारी है, जो मुख्य रूप से हेल्थ और फिटनेस ट्रैकिंग पर केंद्रित होंगी। इसके अलावा आने वाले समय में OLED iPad mini, M6 चिप वाले MacBook Pro और OLED टचस्क्रीन से लैस प्रीमियम MacBook भी बाजार में उतारे जा सकते हैं। हालांकि, एप्पल ने आधिकारिक तौर पर इनमें से किसी भी उत्पाद की पुष्टि नहीं की है।