चढ़ावा चोरी वाले बयान पर मचे बवाल पर बोले अनुपम खेर, नसीरुद्दीन शाह के 'जोकर' वाले कमेंट पर भी तोड़ी चुप्पी
अनुपम खेर लेटेस्ट न्यूज: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'श्रीराम भूमि' की शूटिंग के सिलसिले में पावन नगरी अयोध्या में हैं। हाल ही में अयोध्या के राम मंदिर में हुई चोरी (चढ़ावा चोरी) के मामले पर दिया गया उनका एक बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसके बाद एक धड़ा उन्हें लगातार ट्रोल कर रहा है। ट्रोलर्स ने उन्हें घेरने के लिए अभिनेता नसीरुद्दीन शाह का एक पुराना वीडियो भी वायरल कर दिया, जिसमें उन्होंने अनुपम खेर को 'जोकर' कहा था। अब इन तमाम विवादों और ट्रोलिंग पर अनुपम खेर ने एक वीडियो जारी कर और लंबा कैप्शन लिखकर करारा पलटवार किया है। उन्होंने साफ कहा है कि वे अपने हर शब्द पर आज भी पूरी तरह कायम हैं।
"सच से डरते हैं लोग, जिसे जो करना है करे" – अनुपम खेर
सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए अनुपम खेर ने लिखा, "सच से लोगों को सबसे ज्यादा डर तब लगता है, जब वह उनके तय एजेंडे के अनुकूल नहीं होता। कुछ दिन पहले मैंने राम मंदिर में हुई चोरी के बारे में जो कुछ भी कहा, वह पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कहा था। मैं आज भी अपने हर एक शब्द पर कायम हूं। लेकिन कुछ लोगों को सच से ज्यादा सिर्फ एक मुद्दा, बहस, विवाद और शोर चाहिए होता है। इसलिए मेरी बात को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया।"
अभिनेता ने आगे कहा, "मैं सिर्फ इतना साफ कर देना चाहता हूं कि मैं न पहले कभी किसी से डरा हूं, न आज डरता हूं, और न ही आगे कभी डरूंगा। चाहे ट्रोल्स हों, तथाकथित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स हों या फिर राजनेता! किसी के भी शोर मचाने से मेरी बात नहीं बदलेगी। जो मुझे सही लगेगा, मैं वही कहूंगा। आप मेरी बात से सहमत हों या असहमत, यह आपका अधिकार है। लेकिन सच बोलना मेरा अधिकार भी है और मेरा कर्तव्य भी। बाकी… जिसे जो करना है, वह मजे से करे। मैं जैसा हूं, वैसा ही रहूंगा। जय श्री राम।"
मां-बहन की गालियां देने वालों को दिया जवाब; नसीर के वीडियो पर किया बड़ा खुलासा
वायरल वीडियो में अनुपम खेर बोलते नजर आ रहे हैं, "दोस्तों, मैं कुछ दिन पहले राम मंदिर गया था और मैंने वहां अपने दिल की बात कही थी, जो कुछ लोगों को अच्छी नहीं लगी। उन्हें लगा कि यह तो उनके एजेंडे के खिलाफ हो गया। इसके बाद मुझे टारगेट और ट्रोल करने के लिए एक पूरा इको-सिस्टम जुट गया। लोगों ने मुझे मां-बहन की गालियां तक दीं। जब उनका कुछ नहीं चला, तो उन्होंने मेरी प्रतिष्ठा खराब करने के लिए एक नया पैंतरा आजमाया और नसीरुद्दीन साहब का पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया।"
नसीरुद्दीन शाह के साथ अपने मौजूदा रिश्तों पर सफाई देते हुए अनुपम खेर ने कहा, "अब एक्चुअल सिचुएशन यह है कि नसीरुद्दीन साहब और मैं एक-दूसरे के गले लग चुके हैं और हम दोनों एक-दूसरे की बेहद इज्जत करते हैं। इस बात को करीब आठ-नौ महीने हो चुके हैं और हम पुरानी बातें भूल चुके हैं। ट्रोलर्स यह भूल गए कि मैंने उस वीडियो का जवाब उसी समय दे दिया था। मैं जमीन से निकला इंसान हूं और अपने संस्कारों व प्रभु राम की दया से इस मुकाम पर पहुंचा हूं। आप लोग मुझे क्या डराओगे? मैं हमेशा सत्य का साथ दूंगा। अयोध्या आकर तो सच बोलने की और भी शक्ति मिलती है।"
क्या था नसीरुद्दीन शाह का पुराना 'जोकर' वाला कमेंट?
अनुपम खेर ने ट्रोलर्स को जवाब देने के साथ ही नसीर का वह पुराना वीडियो भी दोबारा शेयर किया, जिसमें नसीरुद्दीन शाह कहते नजर आ रहे हैं कि "अनुपम खेर एक जोकर हैं, उन्हें सीरियसली नहीं लिया जाना चाहिए।" अनुपम खेर ने याद दिलाया कि उन्होंने उस वक्त नसीर को जवाब देते हुए कहा था कि इतनी शोहरत और कामयाबी मिलने के बाद भी नसीर जीवनभर फ्रस्ट्रेट (कुंठित) ही रहे।
गौरतलब है कि राम मंदिर में हुई चोरी के मामले पर अनुपम खेर ने तार्किक बात कहते हुए कहा था कि अगर किसी के घर में चोरी हो जाए, तो उसके लिए चोर को दोषी ठहराया जाता है, पूरे घर या परिवार को नहीं।