पीएम मोदी के दौरे से पहले योगी ने संभाली तैयारियों की कमान, बनारस स्टेशन पर सख्त निर्देश
- by Priyanka Tiwari
- 2025-11-06 16:08:00
India News Live,Digital Desk : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह बनारस रेलवे स्टेशन का दौरा किया।
सुबह 9:11 बजे पहुंचकर उन्होंने प्लेटफॉर्म नंबर 8 का निरीक्षण किया, जहां से पीएम मोदी वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाने वाले हैं।
सीएम ने दी सख्त हिदायतें, कहा— किसी यात्री को परेशानी नहीं होनी चाहिए
निरीक्षण के दौरान सीएम योगी ने सुरक्षा इंतज़ाम, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था की विस्तार से जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो और स्टेशन पर मौजूद यात्रियों को कोई दिक्कत न आए।
सीएम ने स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स और सेफ हाउस की स्थिति भी देखी।
उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय बनाए रखने को कहा, ताकि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम सुचारु और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।
निरीक्षण में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर एस. राजलिंगम, डीआरएम आशीष जैन, जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, मेयर अशोक तिवारी, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरी और विधायक सौरभ श्रीवास्तव सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री आगे के कार्यक्रमों के लिए रवाना हो गए।
वंदे भारत के शुभारंभ की तैयारियां पूरी रफ़्तार पर
प्रधानमंत्री मोदी के आगमन से पहले रेलवे प्रशासन और स्थानीय प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है।
स्टेशन परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है, और यात्रियों की आवाजाही को सुचारु रखने के लिए विशेष प्रबंधन किया गया है।