UP BJP Caste Equation: यूपी बीजेपी की नई टीम में 60% नए चेहरे, 20 पिछड़े, 6 दलित और 7 ब्राह्मण; 2027 के लिए बीजेपी का 'मास्टरस्ट्रोक'
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी सबसे बड़ी संगठनात्मक बिसात बिछा दी है। लंबे इंतजार के बाद गुरुवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी की नई कोर टीम का आधिकारिक ऐलान हो गया। इस नई टीम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें 60 फीसदी नए चेहरों को शामिल कर बड़े पैमाने पर बदलाव किया गया है, जबकि कई पुराने दिग्गजों को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। पार्टी ने विपक्ष के जातीय नैरेटिव को ध्वस्त करने के लिए सोशल इंजीनियरिंग (जातीय समीकरण) और आधी आबादी (महिला प्रतिनिधित्व) पर सबसे बड़ा दांव खेला है।
जातीय समीकरण का पूरा गणित: ओबीसी को सबसे बड़ी हिस्सेदारी
बीजेपी ने इस नई टीम में हर वर्ग को साधने की पूरी कोशिश की है। उत्तर प्रदेश की सियासत के मद्देनजर जातियों का संतुलन कुछ इस तरह बिठाया गया है:
पिछड़ा वर्ग (OBC): टीम में सबसे ज्यादा 20 पिछड़े चेहरों को शामिल किया गया है, जो पार्टी के मुख्य फोकस को दर्शाता है।
ब्राह्मण व क्षत्रिय: सवर्णों को संतुलित करते हुए 7 ब्राह्मण और 6 क्षत्रिय चेहरों को अहम पदों पर बिठाया गया है।
दलित व भूमिहार: सामाजिक संतुलन के लिए 6 दलित और 4 भूमिहार नेताओं को जगह मिली है।
वैश्य व कायस्थ: व्यापारिक और प्रबुद्ध वर्ग से 2 वैश्य और 1 कायस्थ चेहरे को प्रतिनिधित्व दिया गया है।
महिलाएं (आधी आबादी): महिलाओं की संख्या 10 से बढ़ाकर 12 कर दी गई है।
पदों की संख्या बढ़ी, 25 पुराने नेताओं की छुट्टी
मिशन 2027 को रफ्तार देने के लिए संगठन के पदों का दायरा भी बढ़ाया गया है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री संगठन को मिलाकर अब प्रदेश टीम में कुल 48 पदाधिकारी होंगे (कोषाध्यक्ष पद अभी बाकी है)।
पार्टी ने इस बार 17 की जगह 19 प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए हैं, जबकि प्रदेश महामंत्रियों की संख्या 7 से बढ़ाकर 8 कर दी गई है। वहीं प्रदेश मंत्रियों की संख्या भी 16 से बढ़कर 19 हो गई है। संगठन को नया रूप देने के लिए मौजूदा टीम के 25 पदाधिकारियों को इस बार सूची से बाहर कर दिया गया है। इसी फेरबदल के तहत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बड़े बेटे पंकज सिंह की जगह उनके छोटे बेटे नीरज सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष की कुर्सी सौंपी गई है।
अनुभवी मनीष दीक्षित को फिर मीडिया की कमान
चुनावी साल में मीडिया और सोशल मीडिया मैनेजमेंट सबसे महत्वपूर्ण होता है। इसे देखते हुए बीजेपी ने अपने सबसे अनुभवी नेता मनीष दीक्षित को फिर से प्रदेश मीडिया संयोजक (मीडिया विंग की कमान) सौंपी है। इसके साथ ही इस बार दिनेश प्रताप सिंह को मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया गया है, जबकि हिमांशु राज पंडित को प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी मिली है। कार्यालय प्रबंधन के लिए भारत दीक्षित को दोबारा प्रदेश कार्यालय मंत्री बनाया गया है, और उनके साथ अतुल अवस्थी व लक्ष्मण सिंह को सह-मंत्री के रूप में रिपीट किया गया है।
यूपी बीजेपी नई टीम: पदाधिकारियों की पूरी सूची
प्रदेश उपाध्यक्ष (19 नाम):
सुरेश राणा, सत्यपाल सैनी, ब्रजबहादुर, डा. धर्मेंद्र सिंह, मोहित बेनीवाल, देवेश कोरी, प्रियंका रावत, दुर्विजय शाक्य, रमेश सिंह, नीरज सिंह, अर्चना मिश्रा, पूजा पाल, शंकर गिरि, कामेश्वर सिंह, डा. कृतिका अग्रवाल, सुरेश मौर्य, राजेश यादव, कृष्ण बिहारी राय, आलोक गुप्ता।
प्रदेश महामंत्री (8 नाम):
रामप्रताप सिंह चौहान, अभिजात मिश्रा, गीता शाक्य, संजय राय, उपेंद्र रावत, शंकर लोधी, राजेश चौधरी, दिलीप पटेल।
प्रदेश मंत्री (19 नाम):
विजय शिवहरे, बसंत त्यागी, शिवभूषण सिंह, सहजानंद राय, अंकुर शर्मा, अनिल यादव, अवधेश श्रीवास्तव, विजय राजभर, प्रमेंद्र जांगड़ा विश्वकर्मा, किरण लोधी निषाद, राकेश बिंद, संचिता सिंह चौहान (लूनिया), रजनी पांडेय, राहुल वाल्मीकि, महामेधा नागर, दीपमाला संतोषी, सुभाषिनी जैसवाल, यतेंद्र शर्मा, आकांक्षा सोनकर।
क्षेत्रीय अध्यक्ष (6 क्षेत्र):
पश्चिम: नवाब सिंह नागर
ब्रज: पूरन लाल लोधी
कानपुर: राम किशोर साहू
अवध: अवधेश द्विवेदी
काशी: अशोक चौरसिया
गोरखपुर: विनोद राय
मोर्चा अध्यक्ष:
युवा मोर्चा: रोहित मिश्रा
पिछड़ा मोर्चा: प्रकाश पाल
किसान मोर्चा: देवेंद्र सिंह
अनुसूचित मोर्चा: अशोक रावत
महिला मोर्चा: सरोज कुशवाह
अनुसूचित जनजाति मोर्चा: विद्याभूषण गोंड