ट्रंप की चेतावनी बेअसर, पुतिन युद्ध खत्म करने को तैयार नहीं, अमेरिका देगा यूक्रेन को और हथियार
India News Live,Digital Desk : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सख्त चेतावनियों के बावजूद रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन में जंग जारी रखने के मूड में हैं। उन्हें न तो अमेरिकी दबाव की परवाह है और न ही पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों से कोई फर्क पड़ता नजर आ रहा है। पुतिन का साफ संदेश है कि जब तक पश्चिमी देश उनकी शर्तों पर बातचीत के लिए तैयार नहीं होंगे, तब तक वह पीछे नहीं हटेंगे।
अमेरिका की सख्ती – यूक्रेन को हथियार और रूसी उत्पादों पर प्रतिबंध
ट्रंप ने हाल ही में ऐलान किया कि अगर रूस अगले 50 दिनों में शांति समझौते के लिए आगे नहीं आया, तो अमेरिका रूस से व्यापार करने वाले देशों पर सख्त कदम उठाएगा। ऐसे देशों पर 100% टैरिफ लगाया जा सकता है। साथ ही, यूक्रेन को अमेरिका अरबों डॉलर के हथियार देगा। इसमें पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम की मिसाइलें भी शामिल हैं। ट्रंप ने यह भी इशारा दिया कि अब यूक्रेन को रक्षात्मक के साथ-साथ आक्रामक हथियार भी दिए जाएंगे।
पुतिन का दो टूक – दबाव में नहीं झुकेंगे
क्रेमलिन से जुड़े तीन वरिष्ठ सूत्रों के मुताबिक, पुतिन को भरोसा है कि रूस पश्चिमी देशों के अब तक के सबसे कड़े आर्थिक प्रतिबंधों को झेल चुका है और आगे भी झेल सकता है। उनका मानना है कि अमेरिका और उसके सहयोगी देश शांति की बात तो करते हैं, लेकिन गंभीरता से कोई पहल नहीं कर रहे।
ट्रंप और पुतिन की बातचीत नाकाफी
सूत्र बताते हैं कि ट्रंप और पुतिन के बीच कई बार फोन पर बात हुई और अमेरिकी विशेष दूत की रूस यात्रा भी हुई, लेकिन शांति योजना पर कोई ठोस चर्चा नहीं हो सकी। दूसरी ओर, रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने ट्रंप की टैरिफ की धमकी को महत्वहीन बताया। उन्होंने कहा कि रूस पहले ही अभूतपूर्व प्रतिबंध झेल रहा है और उसे अपने आत्मनिर्भरता पर भरोसा है।
अमेरिका की अपील – यूक्रेन न करे मॉस्को पर हमला
हालांकि, ट्रंप ने अपने हालिया बयान में यह भी कहा कि यूक्रेन को मॉस्को पर हमला नहीं करना चाहिए। यह बयान उन्होंने हथियार देने के ऐलान के अगले ही दिन दिया। इससे यह संकेत मिलता है कि अमेरिका यूक्रेन को मजबूत जरूर कर रहा है, लेकिन सीधी टकराव की स्थिति नहीं चाहता।