26/11 पर आधारित धुरंधर का सीन जीवित बचे ताज होटल के गवाह को कर गया भावुक

Post

India News Live,Digital Desk : रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, आर. माधवन और अर्जुन रामपाल स्टारर मल्टीस्टारर फिल्म ‘धुरंधर’ 5 दिसंबर को रिलीज़ हुई। रिलीज़ के बाद फिल्म की कहानी, कलाकारों की एक्टिंग और इंटेंस सीन को खूब सराहा जा रहा है।

26/11 आतंकी हमलों की रात फिर से जीवंत

फिल्म के एक सीन में 26/11 के आतंकवादी हमलों की भयावह रात को रिएनैक्ट किया गया है। इस सीन में आतंकवादियों की असली बातचीत भी सुनाई गई, जिसमें वे मुंबई के होटल से पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं से निर्देश ले रहे हैं। स्क्रीन पर लाल रंग का इस्तेमाल डर को और गहरा करता है। बैकग्राउंड में वास्तविक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी चल रही है, जो इस सीन को और सजीव बना देती है।

राजिता बग्गा ने किया अनुभव साझा

26/11 हमले में जीवित बचीं लेखिका राजिता बग्गा ने इस सीन को देखकर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने बताया कि उस रात वह अपने पति अजय बग्गा के साथ ताज होटल में थीं और 14 घंटे बाद जीवित बचाईं गईं। राजिता ने लिखा कि लाल स्क्रीन और आतंकवादियों की असली आवाज़ सुनना उन्हें पूरी तरह झकझोर गया।

राजिता ने कहा, “यह सीन नई पीढ़ी को 26/11 की वास्तविकता समझाने में मदद करता है। पाकिस्तानी हैंडलर्स द्वारा दिए गए क्रूर निर्देश और आतंकवादियों की अमानवीय कार्रवाई को देखने के बाद, हमारे भीतर क्रोध और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता बढ़ती है।”

निर्देशक आदित्य धर का जवाब

राजिता की प्रतिक्रिया पर फिल्म के निर्देशक आदित्य धर ने कहा, “आपके शब्दों ने हमें याद दिलाया कि यह कहानी क्यों बताई जानी जरूरी थी। यह क्षण क्रूर सच्चाई को दिखाने के लिए रचा गया। हमारी कोशिश है कि लोग याद रखें, एकजुट रहें और ऐसे अंधकार को कभी वापस न आने दें।”

फिल्म का यह सीन न केवल दर्शकों को भावुक करता है बल्कि नई पीढ़ी को 26/11 के आतंकवादी हमलों की भयावहता और वास्तविक घटनाओं की समझ भी देता है।