BREAKING:
August 19 2026 01:15 am

'बंटवारा 1947' से पहले बड़े पर्दे पर मचेगा सनी देओल का गदर! री-रिलीज होंगी ये 3 क्लासिक ब्लॉकबस्टर फिल्में

Post

बॉलीवुड के एक्शन किंग सनी देओल (Sunny Deol Re-Release Movies) के फैंस के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी सामने आई है। सनी देओल और दिग्गज डायरेक्टर राजकुमार संतोषी (Rajkumar Santoshi) की जोड़ी जल्द ही अपनी आगामी फिल्म 'बंटवारा 1947' (पहले नाम 'लाहौर 1947') के साथ सिनेमाघरों में तहलका मचाने के लिए तैयार है। लेकिन इस फिल्म के रिलीज होने से ठीक पहले, मेकर्स ने फैंस को एक अनोखा सरप्राइज दिया है। सनी देओल और राजकुमार संतोषी के करियर की तीन सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर और कल्ट क्लासिक फिल्मों को सिनेमाघरों में दोबारा (Re-Release) रिलीज किया जा रहा है।

PVR INOX ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर इस ऐतिहासिक री-रिलीज इवेंट की घोषणा की है। इनमें से दो फिल्में जुलाई के आखिरी हफ्तों में और एक फिल्म अगस्त की शुरुआत में सिनेमाघरों में दस्तक देगी। आइए जानते हैं इन फिल्मों के नाम, कहानी और रिलीज डेट।

1. दामिनी (Damini) — तारीख: 24 जुलाई 2026

रिलीज का साल: 1993

IMDb रेटिंग: 7.8/10

फिल्म के बारे में: 'तारीख पर तारीख' जैसे आइकॉनिक डायलॉग से भारतीय सिनेमा में वकीलों की परिभाषा बदलने वाली यह फिल्म एक जबरदस्त कोर्टरूम ड्रामा है। कहानी एक रेप सर्वाइवर (मीनाक्षी शेषाद्रि) के हक की लड़ाई की है, जिसमें सनी देओल (गोविंद) एक वकील के रूप में उसके ससुरालवालों और भ्रष्ट सिस्टम के खिलाफ खड़े होते हैं। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ऑल-टाइम ब्लॉकबस्टर रही थी।

2. घातक (Ghatak) — तारीख: 31 जुलाई 2026

रिलीज का साल: 1996

IMDb रेटिंग: 7.6/10

फिल्म के बारे में: एक्शन और इमोशन से भरपूर यह फिल्म सनी देओल के करियर की सबसे बेहतरीन फिल्मों में शुमार है। कहानी 'काशी' (सनी देओल) की है, जो अपने बीमार पिता (अमरीश पुरी) के इलाज के लिए बनारस से मुंबई आता है। मुंबई में उसका सामना खूंखार गैंगस्टर 'कात्या' (डैनी डेन्जोंगपा) के जुल्मों से होता है। कात्या के अत्याचारों के खिलाफ काशी का गुस्सा और उसका बदला आज भी दर्शकों के रोंगटे खड़े कर देता है।

3. घायल (Ghayal) — तारीख: 7 अगस्त 2026

रिलीज का साल: 1990

IMDb रेटिंग: 7.7/10

फिल्म के बारे में: इस फिल्म ने सनी देओल को बॉलीवुड का अल्टीमेट एक्शन स्टार बना दिया था। फिल्म में 'अजय' (सनी देओल) को उसके अपने ही भाई के मर्डर के झूठे इल्जाम में एक क्रूर बिजनेसमैन 'बलवंत राय' (अमरीश पुरी) द्वारा फंसा दिया जाता है। जेल से भागने के बाद तीन अन्य कैदियों के साथ मिलकर अजय जिस तरह बलवंत राय के साम्राज्य को नेस्तनाबूद करता है, वह देखने लायक है। इस फिल्म को कई नेशनल अवॉर्ड्स भी मिले थे।

14 अगस्त को रिलीज होगी नई फिल्म 'बंटवारा 1947' (Lahore 1947)

इन तीनों ब्लॉकबस्टर फिल्मों के जरिए सिनेमाघरों में माहौल बनाने के बाद, 14 अगस्त 2026 को सनी देओल और राजकुमार संतोषी की फ्रेश फिल्म 'बंटवारा 1947' बड़े पर्दे पर रिलीज होगी।

आमिर खान का प्रोडक्शन: इस फिल्म को आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनाया गया है।

प्रीति जिंटा की वापसी: खास बात यह है कि इस फिल्म के जरिए लंबे समय बाद प्रीति जिंटा (Preity Zinta) भी सनी देओल के साथ स्क्रीन शेयर करती नजर आएंगी। फिल्म की कहानी भारत-पाकिस्तान के विभाजन के दर्द और उस दौर की परिस्थितियों पर आधारित एक बेहद संवेदनशील और हाई-वोल्टेज ड्रामा होगी।