'लॉकअप 2' में श्रेया कालरा का बड़ा खुलासा, बोलीं- 'जब मैं 13 साल की थी तब कजिन भाई गलत तरीके से छूता था'
नेटफ्लिक्स के पॉपुलर रियलिटी शो 'लॉकअप 2' के हालिया एपिसोड में कंटेस्टेंट श्रेया कालरा ने एक ऐसा चौंकाने वाला और दर्दनाक सीक्रेट साझा किया, जिसे उन्होंने सालों तक अपने परिवार से छिपाकर रखा था। श्रेया ने रोते हुए बताया कि जब वह महज 13 साल की थीं, तब उनके ही एक कजिन भाई ने उनका यौन शोषण किया था। इस घटना के बारे में उनके माता-पिता को भी कोई जानकारी नहीं थी, केवल उनके बॉयफ्रेंड ऋषभ इस सच्चाई से वाकिफ थे।
सोते वक्त करता था गलत हरकतें
अपना दर्द बयां करते हुए श्रेया ने बताया कि जब वे अपनी नानी के घर जाते थे और सभी हॉल में एक साथ गद्दे पर सोते थे, तब उनका कजिन ऐसी हरकतें करता था। उस कम उम्र में उन्हें समझ नहीं आता था कि वह उनके साथ क्या कर रहा है। श्रेया ने इमोशनल होते हुए यह भी बताया कि जिस लड़के ने उनके साथ यह सब किया, उसकी मां के निधन के बाद उनकी अपनी मां ने उसे तीन साल तक पाला-पोसा था।
नवंबर में होने वाली है कजिन की शादी
श्रेया ने आगे कहा कि उनके उस कजिन की आने वाले नवंबर में शादी तय है। इससे पहले भी उस लड़के की एक सगाई इंडस्ट्री से जुड़ी उनकी कंट्रोवर्सी और काम की वजह से टूट चुकी थी। श्रेया का कहना है कि वह खुद को ही इस बात का दोषी मानती हैं कि उनकी वजह से किसी की जिंदगी प्रभावित हुई। हालांकि, शो की साथी कंटेस्टेंट शिल्पा शिंदे ने उन्हें ढांढस बंधाते हुए समझाया कि इसमें उनकी कोई गलती नहीं है और इस तरह के मामलों में कभी भी चुप नहीं रहना चाहिए।